Greenfield Airport And Corridor Project: बिहार के सोनपुर के लिए दो परियोजनाएं बेहद खास मानी जा रही है. इन दो परियोजनाओं से पूरे सोनपुर की सूरत बदल सकेगी. यहां ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और हरिहरनाथ कॉरिडोर बनाया जाना है, जिससे इस पूरे इलाके का विकास हो सकेगा. आने वाले दिनों में सोनपुर नया पर्यटन क्षेत्र के रूप में डेवलप हो सकेगा. साथ ही आर्थिक स्थिति भी पहले से मजबूत हो सकेगी.
बेहद खास है एयरपोर्ट और हरिहरनाथ कॉरिडोर
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कई परियोजनाओं को लेकर चर्चा की. इसमें सोनपुर में बनने वाला ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और हरिहरनाथ कॉरिडोर बेहद खास रहा. सोनपुर एयरपोर्ट को सोनपुर-छपरा 4 लेन NH के उत्तर और गंडक नदी के पश्चिम दरियापुर चंवर में बनाया जाएगा. बताया जा रहा है कि यह एयरपोर्ट दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और जेवर एयरपोर्ट के बाद 5वां सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होगा.
कितना लंबा होगा एयरपोर्ट का रनवे?
बताया जा रहा है कि सोनपुर एयरपोर्ट का रनवे लगभग 4200 मीटर लंबा होगा. इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुसार ही एयरपोर्ट को बनाया जाएगा. आसानी से बड़े-बड़े विमान यहां उतर सकेंगे. पटना से कनेक्टिविटी के लिए सिक्स लेन वाले दो नए पुल बनाए जा रहे हैं, जो कि जेपी दीघा सेतु के समानांतर और शेरपुर-दिघवारा सेतु है. सोनपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के बनने से बड़े-बड़े शहरों की तरह यहां भी 24 घंटे विमानों का माना-जाना संभव हो सकेगा. लाखों यात्रियों को एयरपोर्ट के बनने से फायदा मिल सकेगा.
पर्यटन की दृष्टि से हरिहरनाथ कॉरिडोर महत्वपूर्ण
सोनपुर में बनने वाला हरिहरनाथ कॉरिडोर पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर ही हरिहरनाथ कॉरिडोर को विकसित किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 680 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इससे न सिर्फ मंदिर का धार्मिक महत्व और बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी. सरकार का मानना है कि इस कॉरिडोर के बनने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. इसके अलावा भी सोनपुर में कई प्रोजेक्ट्स पर काम होंगे, जैसे कि जेपी सेतु दीघा-सोनपुर पुल, रिंग रोड, सैटेलाइट टाउनशिप, जो कि इस पूरे इलाके के लिए गेम चेंजर साबित हो सकेगा.
Also Read: दानापुर स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, पार्किंग-सर्कुलेटिंग एरिया का होगा विस्तार, पुरानी सड़क होगी बंद
