सीवान: तितरा में सड़क हादसे में युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर दो घंटे सड़क जाम

सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक की दुखद मौत हो गई. परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक मार्ग जाम रखा, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ.

Siwan News : सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग पर तितरा ब्रह्मस्थान के समीप शनिवार की रात सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान तितरा गांव निवासी भिरगु चौहान के पुत्र नागेंद्र चौहान के रूप में हुई है. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम रखा. सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा.

काम से लौटते समय हुआ हादसा

बताया जाता है कि नागेंद्र चौहान राजमिस्त्री का काम करते थे. शनिवार की शाम काम खत्म करने के बाद वह तितरा बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तितरा ब्रह्मस्थान के समीप गांव के ही रंजन कुमार की बुलेट मोटरसाइकिल से उनकी टक्कर हो गयी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि नागेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गये. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों की मदद से घायल नागेंद्र को इलाज के लिए जीरादेई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

नागेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गये. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दुर्घटना के जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीवान-मैरवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा.

सड़क जाम की सूचना मिलने पर जीरादेई बीडीओ धीरज दुबे घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत की और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. बीडीओ के आश्वासन के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

जाम की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रत्नेश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने लोगों से बातचीत कर सड़क पर यातायात बहाल कराया.

इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मनी कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से अभी तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >