Vande Mataram 150th Anniversary: उच्च माध्यमिक विद्यालय अरंडा के प्रांगण में वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम जिला शिक्षा कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अभिजीत के निर्देशन में आयोजित हुआ. इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त की.
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अभय कुमार सिंह ने किया. वहीं, वरीय शिक्षक गौरीशंकर ने तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है.
उन्होंने सभी से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ कनक लता ने छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों से वंदे मातरम् की 150 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने की अपील की.
उन्होंने कहा कि देशहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी लोग अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें.कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक अखिलेश्वर कुमार तिवारी ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया. इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे.
