सीवान: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैरवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 255.9 लीटर अवैध शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि बुधवार की देर रात करीब 12:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से तीन व्यक्ति अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर मैरवा बाजार के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाले हैं.
सूचना के सत्यापन के बाद मैरवा थाना पुलिस ने सकरा-स्याही चेक पोस्ट के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया.
पुलिस को देखकर भागने लगे तस्कर
वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे तीनों बाइक सवार पुलिस को देखकर वापस भागने लगे. हालांकि पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के बरतवलिया निवासी राहुल साह उर्फ रामेश्वर साह, मैरवा थाना क्षेत्र के इमलौली निवासी अभिषेक यादव तथा आंदर थाना क्षेत्र के दाहाबरी निवासी सुभाष यादव के रूप में हुई है.
बोरे और गैलन से मिली शराब
एसपी ने बताया कि तीनों मोटरसाइकिलों पर बंधे बोरे और गैलनों की तलाशी लेने पर कुल 255.9 लीटर अवैध शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से शराब ढुलाई में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए.
उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में मैरवा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. पुलिस मामले की आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है.
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
एसपी ने बताया कि पूरी कार्रवाई मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की. उन्होंने कहा कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
