छात्र आंदोलन के कारण नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक स्थगित, विकास कार्यों पर फैसला टला

सीवान नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक छात्र आंदोलन के कारण लगातार दूसरी बार स्थगित हो गई है. नौ अहम एजेंडों पर चर्चा नहीं हो सकी, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं. जल्द ही नई तिथि तय की जाएगी.

सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट

Siwan News : छात्र आंदोलन के कारण शनिवार को नगर परिषद की सामान्य बोर्ड बैठक स्थगित कर दी गई. आंदोलन की वजह से कई वार्ड पार्षद शहर के विभिन्न स्थानों पर फंस गए, जिसके चलते बैठक के लिए आवश्यक संख्या में सदस्य उपस्थित नहीं हो सके. परिणामस्वरूप नगर परिषद के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों और प्रशासनिक प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी.

मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक

नगर परिषद सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने की. बैठक में उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता, सिटी मैनेजर ओम प्रकाश तथा वार्ड पार्षद जयप्रकाश गुप्ता, शहाबुद्दीन सिद्दीकी, मुर्तजा अली, अजीत कुमार, राजा राम साह, नीरज पटेल, सरस्वती देवी, सुनीता देवी, शाह आलम और पवन कुमार मौजूद रहे. हालांकि, कई अन्य वार्ड पार्षद आंदोलन के कारण समय पर नहीं पहुंच सके, जिसके बाद बैठक स्थगित करने का निर्णय लिया गया.

नौ महत्वपूर्ण एजेंडों पर होनी थी चर्चा

बैठक में कुल नौ महत्वपूर्ण एजेंडों पर विचार होना था. इनमें नगर निधि से विकास कार्यों के लिए राशि खर्च करने, बरसात के मौसम में नालों की उड़ाही कराने, मुख्य एवं संपर्क नालों के टूटे स्लैब की मरम्मत, सफाई कार्य में उपयोग होने वाले वाहनों के डीजल, मोबिल और मरम्मत पर हुए खर्च की समीक्षा जैसे मुद्दे शामिल थे. इसके अलावा ट्रैक्टर, ट्रेलर, जेसीबी, ट्राइसाइकिल और बंद टीपर की खरीद एवं उनके भुगतान से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा प्रस्तावित थी. साथ ही पूर्व में हुई सामान्य बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुमोदन का विषय भी एजेंडे में शामिल था. बैठक स्थगित होने के कारण इन सभी प्रस्तावों पर निर्णय टल गया.

लगातार दूसरी बार स्थगित हुई सामान्य बोर्ड बैठक

नगर परिषद की यह लगातार दूसरी सामान्य बोर्ड बैठक है, जो निर्धारित तिथि पर नहीं हो सकी. इससे पहले 16 जुलाई को भी कोरम के अभाव में सामान्य बोर्ड की बैठक स्थगित करनी पड़ी थी. लगातार दो बैठकों के स्थगित होने से नगर परिषद के कई प्रशासनिक और विकास संबंधी फैसले लंबित हो गए हैं.

बरसात में बढ़ सकती है शहरवासियों की परेशानी

बरसात के मौसम में नालों की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों पर समय पर निर्णय नहीं होने से शहरवासियों की चिंता बढ़ सकती है. अब नगर परिषद की अगली बैठक की तिथि तय होने के बाद इन सभी लंबित प्रस्तावों पर चर्चा और आवश्यक निर्णय लिए जाने की उम्मीद है.

जल्द बुलाई जाएगी नई बैठक : मुख्य पार्षद

मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि छात्र आंदोलन के कारण शनिवार को आयोजित सामान्य बोर्ड बैठक स्थगित करनी पड़ी. ऐसे में सभी एजेंडों पर चर्चा संभव नहीं हो सकी. उन्होंने बताया कि जल्द ही नई तिथि निर्धारित कर बैठक बुलाई जाएगी, ताकि लंबित विकास कार्यों और अन्य प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें.

Also Read : लग्ज़री कार से आए पांच बदमाश, ATM के साथ CCTV और तार भी ले गए, मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने पुलिस को दी जानकारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >