विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
सीवान: नगर परिषद कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शुक्रवार को शहर के नया बाजार स्थित दरबार सिनेमा के सामने उस समय तनाव की स्थिति बन गयी, जब सफाई के लिए नियुक्त एजेंसी के कर्मचारी कूड़ा उठाने पहुंचे. हड़ताल में शामिल सफाई कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर एजेंसी के कर्मचारियों का विरोध किया और कूड़ा उठाने से रोक दिया.
ट्रैक्टर से कूड़ा उठाने पहुंचे थे एजेंसी के कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी के कर्मचारी ट्रैक्टर लेकर कूड़ा प्वाइंट से कचरा उठा रहे थे. इसी दौरान हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी वहां पहुंच गये और इसका विरोध शुरू कर दिया. उनका कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. ऐसे में एजेंसी के माध्यम से सफाई कराकर हड़ताल को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई. हड़ताली कर्मचारियों ने एजेंसी के कर्मियों को कूड़ा उठाने से रोक दिया.
सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा होने से लगा जाम
विवाद के दौरान सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा रहने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया. सड़क पर वाहनों की कतार लग गयी और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा. हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हुई और यातायात फिर से सुचारु हो गया.
हड़ताल से पहले ही प्रभावित है सफाई व्यवस्था
नगर परिषद कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पहले से ही प्रभावित है. ऐसे में नगर परिषद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत एजेंसी के माध्यम से कूड़ा उठाने का प्रयास कर रही है. वहीं, हड़ताली कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और एजेंसी से सफाई कराये जाने का लगातार विरोध कर रहे हैं.
इससे शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार
