Sonhula PACS Election : सीवान के गुठनी प्रखंड के सोनहुला पैक्स चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई. नामांकन के पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया. प्रत्याशियों की सुविधा के लिए प्रखंड मुख्यालय में दो अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, लेकिन पूरे दिन दोनों जगह नामांकन को लेकर कोई प्रत्याशी नहीं पहुंचा.
20 अगस्त तक दाखिल किया जा सकेगा पर्चा
उप निर्वाची पदाधिकारी सह बीपीआरओ कुमार कार्तिकेन ने बताया कि पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है. इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रत्याशियों की सुविधा के लिए अलग काउंटर
प्रखंड मुख्यालय में प्रत्याशियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीपीआरओ कार्यालय में नामांकन काउंटर बनाया गया है. इसके अलावा हेल्पडेस्क और नजारत रसीद के लिए भी अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है. अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है, ताकि नामांकन के दौरान प्रत्याशियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
नामांकन शुरू होने के साथ ही सोनहुला पैक्स चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. अध्यक्ष पद के लिए कई संभावित प्रत्याशी अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि अंतिम तिथि तक कितने प्रत्याशी मैदान में उतरते हैं.
पूर्व अध्यक्ष भी तैयारी में जुटे
सोनहुला पैक्स चुनाव में पूर्व अध्यक्ष भी एक बार फिर अपनी कुर्सी बचाने की तैयारी में जुटे बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी किसी प्रत्याशी की आधिकारिक दावेदारी स्पष्ट नहीं हुई है. नामांकन की संख्या सामने आने के बाद ही चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ होगी.
सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतजाम
नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए प्रखंड मुख्यालय में सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि नामांकन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
बीडीओ ने बताया पूरी व्यवस्था तैयार
बीडीओ नवनीत नमन ने बताया कि नामांकन के पहले दिन किसी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया. उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की सुविधा के लिए अलग हेल्पडेस्क और नामांकन काउंटर बनाया गया है. नजारत रसीद के लिए भी अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है. अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की तैयारी की गई है.
Also Read : सीवान : पचरुखी में बनेगा नया प्रखंड-अंचल कार्यालय भवन, ले-आउट का काम शुरू
