Siwan Weather Today: सुहाना कहा जाने वाला सावन इस बार सीवान में लोगों को जेठ की गर्मी का अहसास करा रहा है. शनिवार को तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. 75 फीसदी आर्द्रता के कारण वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हुई. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आर्द्रता के प्रभाव से लोगों को करीब 44 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई.
सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही. दिन चढ़ने के साथ धूप की तपिश बढ़ती गयी. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे. दोपहर में सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखी. जरूरी काम से घर से बाहर निकलने वाले लोग छाता, गमछा और अन्य साधनों से धूप से बचते नजर आये.
पंखे-कूलर के बावजूद नहीं मिली राहत
उमस का असर इतना अधिक रहा कि घरों और दुकानों के अंदर भी लोगों को राहत नहीं मिली. पंखे और कूलर चलने के बावजूद उमस भरी गर्मी परेशान करती रही. दोपहर के समय बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखी. कई लोग धूप कम होने का इंतजार करते रहे.
मौसम में यह बदलाव खासकर उन लोगों के लिए परेशानी का कारण बना है, जिन्हें रोजमर्रा के काम के लिए धूप में बाहर निकलना पड़ता है. किसान और मजदूर वर्ग के लोगों को भी तेज धूप और उमस के बीच काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौसम बदलने से बढ़ा बीमारियों का खतरा
लगातार बदल रहे मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है. सरकारी और निजी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने की बात कही जा रही है. चिकित्सकों के अनुसार बरसात के मौसम में खाज-खुजली, सर्दी, खांसी, उलटी, वायरल बुखार, दस्त, मलेरिया, डेंगू, टायफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
चिकित्सक डॉ. संजय गिरी ने बताया कि बारिश के बाद निकलने वाली तेज धूप और बढ़ी उमस शरीर पर प्रतिकूल असर डालती है. पिछले दो दिनों से तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान हैं. इससे खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है.
उन्होंने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और बाहर के खुले खाद्य पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी. साथ ही तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने को कहा.
सीवान में हाल में हुई बारिश, फिर निकली तेज धूप
मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच सीवान के कई इलाकों में हाल में बारिश भी दर्ज की गयी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के उपलब्ध आंकड़ों में सीवान के भगवानपुर हाट में 11 सेंटीमीटर, बसंतपुर में 10 सेंटीमीटर और गोरेयाकोठी में 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी थी. इसके बाद तेज धूप निकलने से वातावरण में नमी बढ़ गयी और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी.
यही वजह है कि बारिश के बाद धूप निकलने से लोगों को राहत के बजाय कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढे़ं: शर्मनाक... स्ट्रेचर नहीं मिला तो बीमार पत्नी को पीठ पर लाद लिया पति, व्यवस्था पर उठे सवाल
48 घंटे में बारिश से मिल सकती है राहत
अब गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के 8 अगस्त के मौसम बुलेटिन में बिहार के लिए 9 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. इसके साथ ही राज्य में गरज-चमक और आंधी जैसी मौसमी गतिविधियों की भी संभावना जतायी गयी है.
ऐसे में सीवान सहित उत्तर-पश्चिम बिहार के जिलों में अगले एक-दो दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है. हालांकि, बारिश की तीव्रता स्थानीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगी. कुछ इलाकों में तेज बारिश तो कुछ जगहों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है.
बारिश के साथ आंधी और वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की जरूरत है. किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है.
अगले दिनों में तापमान में आ सकती है गिरावट
बारिश होने पर तापमान में कुछ गिरावट आने और उमस से राहत मिलने की संभावना है. हालांकि बारिश के बाद दोबारा धूप निकलने पर वातावरण में नमी बढ़ सकती है, जिससे कुछ समय के लिए उमस बनी रह सकती है. इसलिए आने वाले दिनों में सीवान में धूप, बादल, बारिश और उमस का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को बदलते मौसम के बीच अपनी दिनचर्या में जरूरी बदलाव करना चाहिए. विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से अस्वस्थ लोगों को तेज गर्मी और उमस से बचाकर रखने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात
