Siwan News : ज्वाइंट रिप्लेसमेंट के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर सीवान में विशेष कार्यशाला आयोजित की गयी. सीवान ऑर्थोपेडिक क्लब की ओर से होटल जिंजर में आयोजित कार्यशाला में हिप एवं नी रिप्लेसमेंट सर्जरी में नेविगेशन सिस्टम, रोबोटिक तकनीक और आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी की उपयोगिता पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की. चिकित्सकों ने बताया कि इन तकनीकों के इस्तेमाल से सर्जरी में अधिक सटीकता लाने के साथ मरीजों को बेहतर परिणाम देने में मदद मिल सकती है.
नेविगेशन और रोबोटिक तकनीक पर विशेषज्ञों ने रखे विचार
कार्यशाला में सीवान ऑर्थोपेडिक क्लब के अध्यक्ष डॉ. रामजी चौधरी और सचिव डॉ. रामेश्वर कुमार के साथ सीवान एवं आसपास के क्षेत्रों के कई ऑर्थोपेडिक सर्जनों ने भाग लिया. सिटी हॉस्पिटल के डॉ. सोहेल अब्बास, डॉ. फिरोज आलम, डॉ. मसरूर आलम तथा गोपालगंज के डॉ. सानू गुप्ता ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की.
कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, यूरो सर्जन, एनेस्थेटिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट, दंत चिकित्सक समेत अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक भी शामिल हुए.
ऑपरेशन की प्लानिंग से इम्प्लांट की पोजिशनिंग तक मिलेगी मदद
विशेषज्ञों ने बताया कि नेविगेशन एवं रोबोटिक-असिस्टेड तकनीक सर्जन को ऑपरेशन से पहले बेहतर प्लानिंग में सहायता करती है. इसके साथ ही हड्डियों के अलाइनमेंट और इम्प्लांट की सही पोजिशनिंग में भी तकनीक उपयोगी साबित होती है. इससे जटिल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी को अधिक सटीक तरीके से करने में मदद मिल सकती है.
कार्यशाला से पहले दो जटिल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी
कार्यशाला से एक दिन पहले श्री साईं हॉस्पिटल, सीवान में इस आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक इस्तेमाल किया गया. डॉ. रामेश्वर कुमार के नेतृत्व में दो जटिल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी की गयीं. इनमें एक मरीज का नी रिप्लेसमेंट और दूसरे मरीज का हिप रिप्लेसमेंट किया गया.
चिकित्सकों के अनुसार दोनों ऑपरेशन सफल रहे. ऑपरेशन के अगले दिन दोनों मरीज चिकित्सकीय देखरेख में चलने में सक्षम हुए.
पहले बड़े शहरों का रुख करते थे मरीज
डॉ. रामेश्वर कुमार ने कहा कि इस तरह की आधुनिक तकनीक पहले सीवान जैसे शहरों में आसानी से उपलब्ध नहीं थी. जटिल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी के लिए मरीजों को पटना, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था. स्थानीय स्तर पर यह सुविधा मिलने से मरीजों को समय के साथ यात्रा और ठहरने पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिल सकती है.
स्थानीय मरीजों को बेहतर इलाज देने पर जोर
डॉ. रामेश्वर कुमार ने कहा कि सीवान ऑर्थोपेडिक क्लब भविष्य में भी आधुनिक चिकित्सा तकनीक और ऑर्थोपेडिक नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा. इसका उद्देश्य सीवान और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना है.
