सीवान से रंजीत कुमार यादव की रिपोर्ट
Siwan Road Accident: सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-331 पर दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों की हालत नाजुक होने के कारण पहले सीवान सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हनुमान मंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे हिलसर गांव स्थित हनुमान मंदिर से लगभग 100 मीटर उत्तर एनएच-331 पर दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
दोनों घायलों की हालत चिंताजनक
घायलों की पहचान हिलसर गांव निवासी करीब 60 वर्षीय रामा सिंह और ब्रह्मस्थान निवासी करीब 60 वर्षीय सत्येंद्र सिंह के रूप में हुई है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सीवान सदर अस्पताल रेफर किया गया. वहां भी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेज दिया. हालांकि रामा सिंह के परिजनों ने उन्हें पटना ले जाने के बजाय सीवान के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं सत्येंद्र सिंह का इलाज पीएमसीएच में जारी है.
घर जाने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि सत्येंद्र सिंह की हिलसर हनुमान मंदिर के पास हार्डवेयर की दुकान है. गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वह रामा सिंह के साथ बाइक से उनके घर भोजन करने जा रहे थे. इसी दौरान रामा सिंह के घर जाने के लिए दोनों एनएच-331 पार कर रहे थे, तभी मलमलिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे के बाद फरार हो गया दूसरा बाइक सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गया. घटना स्थल रामा सिंह के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया.
प्रशासन से उठी मांग
हादसे के बाद दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है. वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-331 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी सुरक्षा उपाय और गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
Also Read: सीवान में ‘अपराजिताओं’ का भव्य सम्मान, प्रभात खबर ने 13 प्रेरणादायी महिलाओं को किया सम्मानित
