सीवान में पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में प्रतिरोध मार्च, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Siwan News: सीवान में भाकपा-माले, आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा ने पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और छात्र आंदोलन का समर्थन किया.

Siwan News: पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में सोमवार को सीवान में भाकपा-माले, आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा के बैनर तले प्रतिरोध मार्च निकाला गया. प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. साथ ही पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को हिरासत में लिए जाने का भी विरोध जताया.

छात्र आंदोलन के समर्थन में उठाई आवाज

प्रतिरोध मार्च के बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता पूर्व विधायक सत्यदेव राम, पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा और भाकपा-माले के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया ने संयुक्त रूप से की.

सभा को संबोधित करते हुए इंद्रजीत चौरसिया ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक को जबरन हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने का प्रयास किया. उन्होंने यह भी कहा कि आइसा नेताओं की भूख हड़ताल लगातार 22वें दिन भी जारी है.

'पेपर लीक से छात्र-युवा परेशान'

पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से छात्र-युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने केंद्र सरकार से जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.

एनटीए की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने और पेपर लीक व भर्ती घोटालों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में अमित कुमार, लालबहादुर कुशवाहा, युगल ठाकुर, मुकेश कुशवाहा, जयशंकर पंडित, विशाल यादव, विकास यादव, धर्मेंद्र कुमार, सुनील यादव, सोनू यादव, नीरज कुशवाहा, प्रिंस पासवान, ओम शर्मा, उपेंद्र शाह, मंटू चौधरी, गोलू कुमार, शिवम कुमार और महफूज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Arvind kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >