Siwan Police: (सीवान से पंकज कुमार की रिपोर्ट)
जिले के लकड़ीनवीगंज थाना में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है. पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के निर्देश पर नई थानाध्यक्ष की पदस्थापना की गई है. अब गोरेयाकोठी थाना में अपर थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत पु.अ.नि. सविता कुमारी को लकड़ी नबीगंज थाना की नई थानाध्यक्ष बनाया गया है. इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और लोगों को नई कार्यशैली से काफी उम्मीदें हैं.
निजी कारणों से हटाए गए वर्तमान थानाध्यक्ष
पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि वर्तमान थानाध्यक्ष पु.अ.नि. कृष्णा कुमार ने निजी कारणों से पदमुक्त किए जाने के लिए आवेदन दिया था. आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के बाद सारण क्षेत्र पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय से अनुमोदन प्राप्त हुआ. इसके बाद कार्यहित में स्थानांतरण और नई पदस्थापना का आदेश जारी किया गया.
सविता कुमारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार 2018 बैच की पु.अ.नि. सविता कुमारी, जो अब तक गोरेयाकोठी थाना में अपर थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थीं, उन्हें लकड़ी नबीगंज थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं 2019 बैच के पु.अ.नि. कृष्णा कुमार को हटाकर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है.
कानून-व्यवस्था मजबूत करने की चुनौती
पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण करने और आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने की जिम्मेदारी अब नई थानाध्यक्ष सविता कुमारी के कंधों पर होगी. विभागीय सूत्रों के अनुसार सविता कुमारी को एक अनुशासित, सक्रिय और जिम्मेदार पुलिस पदाधिकारी के रूप में जाना जाता है. पुलिस विभाग को उम्मीद है कि उनके अनुभव का लाभ थाना क्षेत्र को मिलेगा और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी.
तत्काल योगदान देने का निर्देश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें और योगदान प्रतिवेदन समर्पित करें. प्रशासनिक आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
नई थानाध्यक्ष से लोगों को बड़ी उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना स्तर पर समय-समय पर होने वाले प्रशासनिक बदलाव से पुलिस कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आती है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि नई थानाध्यक्ष सविता कुमारी के नेतृत्व में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण मजबूत होगा, आमजन की शिकायतों का त्वरित निष्पादन होगा और पुलिस-पब्लिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी.
Also Read: siwan news :28 मई को सीवान सदर अस्पताल के ओपीडी में चिकित्सकों की ड्यूटी
