जातीय उन्माद फैलाने पर सख्त हुई सीवान पुलिस, पूर्व विधायकों को नोटिस जारी... न पहुंचने पर होगी गिरफ्तारी!

जातीय उन्माद और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास के मामले में सीवान साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो पूर्व विधायकों सहित तीन लोगों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर थाने पहुंचकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया है. अनुपालन न करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी दी गई है.

Siwan Police: जातीय उन्माद फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास के मामले में सीवान साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में पुलिस ने दो पूर्व विधायकों समेत तीन लोगों को नोटिस जारी किया है. सभी को नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर साइबर थाना पहुंचकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया गया है.

23 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला

साइबर थाना में 23 अगस्त को केस संख्या 56/26 दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे लोक व्यवस्था प्रभावित होने और समाज में जातीय उन्माद फैलने की आशंका है. इसी को लेकर जांच के क्रम में बीएनएसएस की धारा 94 के तहत तीनों को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है.

दो पूर्व विधायकों समेत तीन को नोटिस

पुलिस के नोटिस के अनुसार, पहला नोटिस दरौली थाना क्षेत्र के दुबहा निवासी अमरजीत राम उर्फ दीपक स्मरत, पिता दरोगा राम को दिया गया है. दूसरा नोटिस नौतन थाना क्षेत्र के खलवा निवासी पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, पिता मुनेश्वर कुशवाहा को जारी किया गया है. वहीं तीसरा नोटिस दरौली थाना क्षेत्र के किशुनपाली निवासी पूर्व विधायक सत्यदेव राम, पिता राजवंशी राम को दिया गया है.

24 घंटे के भीतर थाने में उपस्थित होने का निर्देश

नोटिस में कहा गया है कि मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी के लिए तीनों से पूछताछ आवश्यक है. इसलिए उन्हें नोटिस प्राप्त होने के 24 घंटे के अंदर साइबर थाना में उपस्थित होकर जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है.

अनुपालन नहीं करने पर गिरफ्तारी की चेतावनी

पुलिस ने नोटिस में यह भी चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने अथवा नोटिस का अनुपालन नहीं करने पर बीएनएसएस की धारा 35(6) के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा सकती है. पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी है.

अब तीनों के साइबर थाना में उपस्थित होने के बाद पुलिस की पूछताछ में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर नजर बनी हुई है. पुलिस जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी.

इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >