Siwan News (शिवनाथ पांडेय) : जिले के नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव में युवक बुलेट अंसारी (22 वर्ष) की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में सीवान के पुलिस कप्तान (एसपी) पूरन कुमार झा ने कड़ा रुख अपनाया है. एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात्रि में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और अगले दिन नौतन थाना परिसर में पीड़ित परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने रोते-बिलखते परिवार को ढाढस बंधाया और हर हाल में अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने तथा पीड़ित के घर पर सुरक्षा मुहैया कराने का सख्त आश्वासन दिया.
घर से खींचकर ले जा रहे थे पिता को, बचाने दौड़े बेटे को अपराधियों ने मार दी गोली
घटना के संबंध में बताया जाता है कि विगत शनिवार की देर शाम ठाकुर के रामपुर गांव में 25-30 की संख्या में बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने मुन्ना अंसारी उर्फ नसरुल्लाह अंसारी के घर पर धावा बोल दिया. अपराधी मुन्ना अंसारी को खींचकर घर से 50 मीटर दूर पूर्व की ओर ले जाने लगे. पिता को घिरता देख उनका सबसे छोटा बेटा बुलेट अंसारी उन्हें बचाने के लिए दौड़ा. इसी बीच अपराधियों ने पिता को छोड़कर बुलेट को पकड़ लिया और मारपीट करते हुए उसके सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देकर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए. स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे सीवान सदर अस्पताल और फिर वहां से गोरखपुर रेफर किया गया. हालांकि, गोरखपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही बुलेट ने दम तोड़ दिया.
शव पहुंचते ही फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, मदन मोड़ पर सड़क जाम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव वापस गांव पहुंचा, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने नौतन बाजार के मदन मोड़ पर शव को रखकर सड़क जाम कर दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे. जाम की सूचना पर पहुंचे सदर एसडीओ सीवान अजय कुमार सिंह द्वारा अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद लोग शांत हुए और सड़क पर आवागमन सुचारू हो सका. इसके तुरंत बाद ही एसपी भी नौतन पहुंचे.
एक साल से चल रही वर्चस्व की जंग, पूर्व में भी हो चुके हैं हमले: पीड़ित पिता
रोते-बिलखते मृत युवक के पिता मुन्ना अंसारी ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने बताया कि ठाकुर के रामपुर गांव में पिछले एक साल से वर्चस्व को लेकर लड़ाई चल रही है, जिसमें उनके परिवार पर पूर्व में भी हमले हुए हैं. एक साल पहले मृत युवक के बड़े भाई इरशाद अंसारी की गाड़ी पर गोलीबारी की गई थी. इसके बाद करीब चार महीने पहले उनके घर पर भी फायरिंग हुई थी, जिसे पुलिस ने दोपक्षीय मामला दर्ज किया था. इस उपेक्षा के कारण आज उनके सबसे छोटे बेटे की जान चली गई, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है.
सीमावर्ती इलाके में सक्रिय हैं हथियारबंद शराब तस्कर: पूर्व विधायक
इधर, नौतन थाना परिसर में पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने भी एसपी से मुलाकात कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. पूर्व विधायक ने कहा कि नौतन थाना क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा होने के कारण यहां शराब तस्कर बेहद सक्रिय हैं. तस्करों ने इलाके में अनेकों गुट बना लिए हैं और वर्चस्व के लिए आए दिन हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिसका नतीजा आज इस हत्याकांड के रूप में सामने है. उन्होंने दावा किया कि ये तस्कर हमेशा आधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं, जिससे आम जनता के बीच भारी दहशत बनी रहती है. उन्होंने एसपी से इन तस्करों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
