सीवान में राजनीतिक माहौल गरम, जिला परिषद सभाकक्ष में कल होगा चुनाव

Siwan News : सीवान में नगर निकाय चुनाव को लेकर माहौल गरम, प्रशासन अलर्ट

Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव को लेकर शुक्रवार को शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया रहा. चुनाव प्रक्रिया 29 मई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला परिषद स्थित सभाकक्ष में संपन्न करायी जायेगी.जिला प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. चुनाव को लेकर अलग-अलग टेबल और मतपेटियां तैयार की गयी हैं. वहीं दंडाधिकारी और पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गयी है.

अधिकृत लोगों को ही मिलेगा चुनाव स्थल पर प्रवेश

जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई आवश्यक निर्देश जारी किये हैं. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चुनाव स्थल पर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.केवल अधिकृत पार्षद, प्रत्याशी और चुनाव कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी ही सभाकक्ष में प्रवेश कर सकेंगे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है.

मतदान के बाद आज ही आएंगे नतीजे

नगर परिषद में कुल 45 वार्ड पार्षद हैं.इसके अलावा मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद भी हैं.हालांकि एक वार्ड पार्षद के निधन के कारण फिलहाल एक पद रिक्त है.नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति में कुल सात सदस्य होते हैं.इनमें दो सदस्य पदेन मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद रहते हैं, जबकि शेष पांच पदों के लिये चुनाव कराया जायेगा.निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जो दस बजे तक चलेगी. इसके बाद सुबह 11 बजे से मतदान कराया जायेगा. मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जायेगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे.परिणाम जारी होने के बाद निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र दिया जायेगा.

पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने की होड़

इसके बाद पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी जायेगी. शपथ ग्रहण का कार्य जिलाधिकारी और संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा कराया जायेगा.चुनाव को लेकर गुरुवार देर शाम तक पार्षदों के बीच बैठकों और समर्थन जुटाने का दौर चलता रहा.संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे रहे.समिति में जगह बनाने के लिये जोड़-तोड़ की राजनीति भी तेज हो गयी है. नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति नगर प्रशासन के महत्वपूर्ण निर्णयों, विकास योजनाओं और वित्तीय मामलों में अहम भूमिका निभाती है. ऐसे में इस चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.इधर नगर परिषद के साथ-साथ नगर पंचायत बड़हरिया और नगर पंचायत बसंतपुर में भी सशक्त स्थायी समिति का चुनाव कराया जायेगा.दोनों नगर पंचायतों का चुनाव संबंधित प्रखंड सभाकक्ष में संपन्न होगा.प्रशासन ने वहां भी सुरक्षा और चुनावी तैयारियां पूरी कर ली हैं.चुनाव को लेकर पार्षदों और समर्थकों के बीच दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.

Also Read : आईटी प्रबंधक और कार्यपालक सहायकों के लिए जिला प्रशासन की पहल, 29 मई को लगेगा शिविर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >