Siwan News: सीवान से अरविंद कुमार सिंह की रिपोर्ट
सीवान रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेल संपत्ति चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से रेलवे की पेंडरॉल क्लिप और लोहे का प्लेट बरामद किया गया है. आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पूर्वी यार्ड में संदिग्ध हालत में घूम रहा था आरोपी
गुरुवार 28 मई को आरपीएफ की CPDS टीम सीवान पूर्वी यार्ड में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी दौरान डाउन लाइन के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान लेकर जाता दिखाई दिया. संदेह होने पर आरपीएफ टीम ने आरोपी को रोककर बोरे की तलाशी ली. जांच के दौरान बोरे से दो पेंडरॉल क्लिप और रेलवे का एक लोहे का प्लेट बरामद हुआ. प्लेट पर कर्व नंबर 51/A अंकित पाया गया.
पूछताछ में नहीं दे सका कोई जवाब
आरपीएफ अधिकारियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी रेल संपत्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. साथ ही वह संतोषजनक जवाब देने में भी विफल रहा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रुस्तम, पिता मोहम्मद इसराइल, निवासी शेख मोहल्ला, थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है. उसकी उम्र 46 वर्ष बताई गई है.
RP(UP) एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ धारा 3 RP(UP) ACT के तहत मामला दर्ज कर रेल संपत्ति जब्त कर ली है. सीवान पोस्ट पर मुकदमा अपराध संख्या 05/26 दर्ज किया गया है. आरपीएफ इंस्पेक्टर सुबाष चंद्र यादव के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने बताया कि रेलवे संपत्ति की चोरी रोकने के लिए लगातार गश्त और विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. रेलवे यार्ड और ट्रैक के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
Also Read: रेलवे ट्रैक पार करना पड़ा भारी, मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल
