सीवान के लाल ने बढ़ाया मान, रजनीश कुमार सिंह भारतीय नौसेना में बने सब लेफ्टिनेंट

Siwan News : नौसेना अधिकारी बन रजनीश ने गांव और जिले का नाम किया रोशन

Siwan News (रवींद्र कुमार गुप्ता) : प्रखंड की दर्शनी गांव निवासी शिव जनम सिंह के पौत्र एवं सेवानिवृत्त कप्तान राजू कुमार सिंह तथा सुधा देवी के सुपुत्र रजनीश कुमार सिंह ने भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर पूरे परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है तथा क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं. रजनीश की सफलता आज युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

अब भारतीय नौसेना में अधिकारी बने रजनीश

रजनीश कुमार सिंह बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज, अनुशासित और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं. उन्होंने अपनी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, सीएमई पुणे (महाराष्ट्र) से प्राप्त की. 10वीं के बाद 12वीं की परीक्षा में उन्होंने भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित एवं कंप्यूटर साइंस विषयों के साथ 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया. उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने भी उन्हें सम्मानित किया था.

शिक्षा और नेतृत्व दोनों में बनाया रिकॉर्ड

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रजनीश ने पुणे स्थित एआईएसएसएमएस कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की. कॉलेज जीवन में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. लगातार बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के कारण उन्हें “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज में एनसीसी की शुरुआत कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके नेतृत्व और मेहनत की सराहना शिक्षकों एवं सहपाठियों ने भी की.

मेहनत और अनुशासन से पूरा किया बचपन का संकल्प

रजनीश की सफलता के पीछे उनके पिता की प्रेरणा सबसे बड़ी शक्ति रही. उनके पिता राजू कुमार सिंह ने भारतीय सेना में लगभग 30 वर्षों तक देश सेवा की है. बचपन में ही रजनीश ने अपने पिता से कहा था कि “आप जिस रैंक से रिटायर होंगे, मैं उसी रैंक से सेना में जॉइन करूंगा.” उन्होंने अपने इस संकल्प को कठिन मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर सच कर दिखाया.

रजनीश ने पूरा किया देशसेवा का सपना

रजनीश ने पहली बार एएफसीएटी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय वायुसेना के लिए एसएसबी इंटरव्यू दिया और प्रथम प्रयास में ही पायलट पद के लिए चयनित हुए. इसके बाद उन्होंने भारतीय नौसेना के लिए भी एसएसबी इंटरव्यू दिया, जिसमें उनका चयन परमानेंट कमीशन अधिकारी के रूप में हुआ. 30 दिसंबर 2024 से प्रशिक्षण प्रारंभ करने के बाद उन्होंने 28 मई 2026 को अंतिम पग ग्रहण कर भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट के रूप में देश सेवा हेतु कदम बढ़ाया.

पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल

रजनीश कुमार सिंह की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती. उनकी उपलब्धि से दर्शनी गांव सहित पूरे दरौंदा में गर्व का माहौल है. ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रजनीश जैसे युवा देश और समाज का भविष्य हैं. उनकी सफलता निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना और देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी.

Also Read : आईटी प्रबंधक और कार्यपालक सहायकों के लिए जिला प्रशासन की पहल, 29 मई को लगेगा शिविर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >