Siwan News: (विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट ) विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए गोरेयाकोठी विधायक देवेशकांत सिंह ने नारायण कर्मयोगी हाई स्कूल गोरेयाकोठी में विज्ञान लैब निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस योजना के तहत क्षेत्र के 10 विद्यालयों में आधुनिक फिजिक्स,केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब बनाए जाएंगे.
1 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से तैयार होंगे लैब
विधायक देवेशकांत सिंह ने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् के तहत प्रत्येक विद्यालय में 14 लाख 70 हजार रुपये की लागत से विज्ञान लैब का निर्माण कराया जाएगा. सभी 10 विद्यालयों में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है.
प्रयोगात्मक शिक्षा से विकसित होगी वैज्ञानिक सोच
विधायक ने कहा कि आज के दौर में केवल किताबों की पढ़ाई पर्याप्त नहीं है. छात्रों को प्रयोगात्मक शिक्षा देना भी बेहद जरूरी है. विज्ञान लैब बनने से छात्र-छात्राओं को प्रयोग के माध्यम से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और उनमें वैज्ञानिक सोच का विकास होगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ बेहतर संसाधन और अवसर देने की है.
इन विद्यालयों में बनेंगे आधुनिक साइंस लैब
जिन विद्यालयों में विज्ञान लैब का निर्माण कराया जाएगा उनमें उच्च माध्यमिक विद्यालय सरारी दक्षिण, नारायण कर्मयोगी उच्च विद्यालय गोरेयाकोठी, उच्च माध्यमिक विद्यालय हरपुर, तप्पी प्रसाद हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज भिठ्ठी, प्रेमचंद हाई स्कूल सरारी, गोपालजी प्रसाद उच्च विद्यालय सानी बसंतपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय सादिकपुर, उच्च माध्यमिक विद्यालय जामो, उच्च माध्यमिक विद्यालय सैदपुरा तथा लालपरी देवी प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज शामिल हैं.
स्थानीय लोगों ने पहल का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान लैब बनने से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में काफी लाभ मिलेगा. कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी प्रदीप कुमार रोज, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरि, त्रिभुवन सिंह, प्रभुनाथ सिंह, मोहन कुमार, रंजीत दीक्षित, प्रमोद गिरि, उमेश तिवारी, भिखारी सिंह, मनोज मिश्रा और ठाकुर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे.
Also Read: सीवान में छत पर सो रहा था परिवार, तभी चोरों ने घर में कर दिया बड़ा कांड, परिजनों के उड़े होश
