Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : जिले के नगर निकायों में नई कैबिनेट मानी जाने वाली सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है.नगर विकास एवं आवास विभाग से नई तिथि जारी होने के बाद जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है.इसके तहत जिले के एक नगर परिषद और सात नगर पंचायतों में 27, 29 और 30 मई को चुनाव कराया जाएगा.नगर निकायों की राजनीति में इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सशक्त स्थायी समिति नगर सरकार की निर्णय लेने वाली प्रमुख इकाई होती है. सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने समर्थक वार्ड पार्षदों को साधने में जुट गये हैं बैठकों, रणनीति और जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो चुका है.पूर्व में विभाग द्वारा 17, 18 और 19 अप्रैल को चुनाव की तिथि निर्धारित की गयी थी, लेकिन किसी कारणवश चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था अब विभाग द्वारा नई तिथि जारी किये जाने के बाद प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.
वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान से चुने जाएंगे समिति सदस्य
नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निकायों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस बार महत्वपूर्ण बदलाव किया है. अब सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन मनोनयन के बजाय निर्वाचित वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान के माध्यम से किया जाएगा. पूरी चुनाव प्रक्रिया जिलाधिकारी के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण, निर्देशन और नियंत्रण में संपन्न करायी जाएगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 मई को नगर पंचायत गुठनी का चुनाव ई-किसान भवन गुठनी में तथा नगर पंचायत मैरवा का चुनाव प्रखंड सभागार मैरवा में कराया जाएगा. वहीं 29 मई को नगर परिषद सीवान का चुनाव जिला परिषद सभागार में, नगर पंचायत बसंतपुर का चुनाव प्रखंड सभागार बसंतपुर में तथा नगर पंचायत बड़हरिया का चुनाव प्रखंड सभागार बड़हरिया में संपन्न होगा.
30 मई को हसनपुरा, गोपालपुर और आंदर में होगा समिति चुनाव
इसके अलावा 30 मई को नगर पंचायत हसनपुरा का चुनाव प्रखंड सभागार हसनपुरा परिसर में, नगर पंचायत गोपालपुर का चुनाव उच्च माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर परिसर में तथा नगर पंचायत आंदर का चुनाव प्रखंड सभागार आंदर में आयोजित किया जाएगा.निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से 10 बजे तक चलेगी. इसके बाद सुबह 11 बजे से मतदान कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी तथा परिणाम घोषित किया जाएगा. परिणाम जारी होने के बाद निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा और तत्पश्चात पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी जाएगी.शपथ ग्रहण का कार्य जिलाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा कराया जाएगा.डीएम ने स्पष्ट किया है कि एक ही दिन में नामांकन से लेकर निर्वाचन और शपथ ग्रहण तक की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी. इसके लिए लगातार बिना विराम के चुनावी कार्रवाई संचालित होगी.
पारदर्शी चुनाव के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी तैनात
पूरे चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रेक्षक और सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है. साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी जाएगी, ताकि किसी भी विवाद या शिकायत की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रह सके. अधिसूचना के अनुसार नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति सात सदस्यीय होती है, जिसमें मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद पदेन सदस्य होते हैं. वहीं नगर पंचायत में यह समिति पांच सदस्यीय होती है, जिसमें मुख्य एवं उप मुख्य पार्षद पदेन सदस्य के रूप में शामिल रहते हैं.प्रत्येक रिक्त पद के लिए अलग-अलग मतपेटिकाएं रखी जाएंगी तथा एक वार्ड पार्षद केवल एक ही पद के लिए नामांकन कर सकेगा.मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिकाएं पार्षदों के समक्ष खोली जाएंगी और सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को विजयी घोषित किया जाएगा.
Also Read : Siwan News : विश्व पर्यावरण दिवस पर सीवान जंक्शन में चला स्वच्छता अभियान
