Siwan News : (अरविंद कुमार सिंह) सीवान जिले के बड़हरिया स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में रविवार को भाकपा माले की ओर से कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन में पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और संगठन विस्तार के लिए बड़हरिया में 50 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य घोषित किया.
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ कन्वेंशन
कन्वेंशन की अध्यक्षता खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य तथा पूर्व विधायक कॉमरेड सत्यदेव राम, भाकपा माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड रामवतार यादव और राज्य कमेटी सदस्य विकास यादव ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड सचिव रमाशंकर चौरसिया ने किया.
मोदी सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यदेव राम ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की अदानी-अंबानी समर्थक नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के सामने भूख और बेरोजगारी का संकट गहराता जा रहा है। जीने लायक मजदूरी की मांग को लेकर देशभर में आंदोलन हो रहे हैं, लेकिन सरकार आंदोलनकारियों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है.
मनरेगा और मजदूरों के मुद्दे उठाए
सत्यदेव राम ने आरोप लगाया कि सरकार ने मनरेगा को कमजोर कर गांव के गरीबों को रोजगार से वंचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से गरीबों के हजारों करोड़ रुपये रोककर केंद्र सरकार ने उनके साथ अन्याय किया है। साथ ही खेग्रामस के तहत बड़हरिया में 50 हजार लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है.
रोजगार, राशन और पेंशन को लेकर सरकार पर हमला
विधानसभा प्रभारी विकास यादव ने कहा कि गांवों में रोजी-रोटी का संकट लगातार बढ़ रहा है। राशन कार्ड में कटौती की जा रही है और वृद्धा, विधवा तथा दिव्यांग पेंशन का भुगतान महीनों से लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बुलडोजर राज चला रही है और गरीबों के वास-आवास पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने लोगों से वास-आवास बचाने के संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
कन्वेंशन में मोहम्मदिन अंसारी, विजय राम, कुंती राम, मीना देवी, सुमन कुशवाहा, गयासुद्दीन, शहजाद अली, हृदय शर्मा, गुड्डी देवी समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
Also Read : DM ने शुरू किया पल्स पोलियो महा अभियान, सीवान में 3.82 लाख बच्चों तक पहुंचेगी खुराक
