Siwan News: (सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट)
उपभोक्ता आयोग के सख्त रुख के बाद बसंतपुर पोस्ट ऑफिस ने सावधि जमा योजना की परिपक्व राशि का भुगतान कर दिया. लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने से परेशान महिला को आखिरकार राहत मिल गयी. पोस्ट ऑफिस की ओर से महिला के खाते में 1 लाख 25 हजार 320 रुपये भेजे गये.
कई महीनों से भुगतान के लिये लगा रही थीं चक्कर
जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र के सरेया श्रीकांत गांव निवासी हसीना बेगम और उनके पति नसरुद्दीन मियां ने बसंतपुर पोस्ट ऑफिस में सावधि जमा योजना के तहत राशि जमा की थी. अवधि पूरी होने के बाद हसीना बेगम ने भुगतान के लिये आवश्यक दस्तावेज उप डाकपाल, बसंतपुर को जमा किये थे. इसके बावजूद उन्हें भुगतान नहीं किया गया.
आवेदन और गुहार के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
हसीना बेगम ने कई बार आवेदन देकर तथा व्यक्तिगत रूप से मिलकर भुगतान की मांग की, लेकिन पोस्ट ऑफिस की ओर से राशि नहीं दी गयी. लगातार कार्यालय का चक्कर लगाने से महिला को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा.
उपभोक्ता आयोग पहुंचा मामला
भुगतान नहीं होने पर हसीना बेगम ने न्याय के लिये उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया. मामला आयोग में पहुंचने और आयोग के सख्त रुख अपनाने के बाद पोस्ट ऑफिस हरकत में आया. इसके बाद पोस्ट ऑफिस की ओर से एनईएफटी के माध्यम से महिला के खाते में 1 लाख 25 हजार 320 रुपये भेज दिये गये.
आयोग ने किया मामले का निष्पादन
आवेदिका हसीना बेगम ने आयोग में उपस्थित होकर राशि प्राप्त होने की पुष्टि की. इसके बाद उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष जयराम प्रसाद तथा सदस्य मनमोहन कुमार ने मामले का निष्पादन कर दिया.
Also Read: सीवान नगर परिषद चुनाव में पांच प्रत्याशियों ने मारी बाजी, जानिए किनके सिर सजा ताज
