सीवान से पंकज कुमार की रिपोर्ट
Siwan News : उत्पाद थाना में शराबबंदी कानून के तहत अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई में जब्त वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शनिवार को की गई. मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से आयोजित इस नीलामी में दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहनों तक की बोली लगाई गई.पूरी नीलामी प्रक्रिया उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार की देखरेख में संपन्न कराई गई. वहीं सदर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अंकेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली गई.नीलामी को लेकर सुबह से ही लोगों में काफी उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में संभावित खरीदार निर्धारित स्थल पर पहुंच गए.
350 वाहनों की बोली को लेकर खरीदारों में दिखा जबरदस्त उत्साह
देर शाम तक नीलामी की प्रक्रिया जारी रही तथा पूरे परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल बना रहा. विभाग की ओर से इस चरण में कुल 350 वाहनों की नीलामी की जानी है. ये सभी वाहन शराबबंदी कानून के उल्लंघन और अवैध शराब की तस्करी के मामलों में जब्त किए गए थे.वाहनों की नीलामी की सूचना पहले ही सार्वजनिक किए जाने के कारण जिले के विभिन्न प्रखंडों के अलावा पड़ोसी जिलों से भी लोग नीलामी में भाग लेने पहुंचे. कई लोगों ने नीलामी शुरू होने से पहले ही वाहनों का निरीक्षण किया और उनकी स्थिति का जायजा लिया. नीलामी स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी.
पंजीकरण के बाद खरीदारों ने लगाई बोली, नियमों के तहत हुई प्रक्रिया
वाहन खरीदने के इच्छुक लोग अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराने के बाद बोली में शामिल हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अलग-अलग वर्ग बनाए गए थे, ताकि नीलामी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके.अधिकारियों की मौजूदगी में प्रत्येक वाहन के लिए क्रमवार बोली लगाई गई.विभागीय अधिकारियों के अनुसार संध्या 5:30 बजे तक कुल 58 वाहनों की सफलतापूर्वक नीलामी की जा चुकी थी. शेष वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही. अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वाहन की नीलामी निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप कराई जा रही है. नीलामी से प्राप्त राशि सरकारी राजस्व में जमा की जाएगी.
Also Read : महनार में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, अस्पतालों और नर्सिंग होम की जांच
