‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके

सीवान के सिसवन प्रखंड स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में बारातियों के मनोरंजन के लिए रातभर डांस कार्यक्रम आयोजित किए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है. बच्चों की पढ़ाई वाले कमरे में भोजपुरी गानों पर नर्तकियों के ठुमके लगने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है

Siwan News: (अरविंद कुमार सिंह) सरकार द्वारा बच्चों की शिक्षा और पोषण के लिए बनाए गए आंगनबाड़ी केंद्र का इस्तेमाल बारातियों के मनोरंजन के लिए किए जाने का मामला सामने आया है. सिसवन प्रखंड के भीखपुर पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-27 किशुनबाड़ी में रातभर भोजपुरी गानों पर डांसरों का डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

बच्चों की पढ़ाई वाले कमरे में लगा डांस शो

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस कमरे में छोटे बच्चों को बैठाकर शुरुआती शिक्षा दी जाती है, उसी कमरे में नर्तकियां अश्लील अंदाज में डांस कर रही हैं. दीवारों पर बच्चों के ABCD और शैक्षणिक चित्र भी नजर आ रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान कुछ बच्चे भी वहां मौजूद दिखाई दे रहे हैं.

बच्चों के संस्कारों पर सीधा हमला

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना बच्चों के संस्कार और शिक्षा के माहौल पर सीधा हमला है. लोगों ने सवाल उठाया कि बच्चों के भविष्य के लिए बने सरकारी भवन का इस तरह इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है.

सेविका पर चाभी देने का आरोप

आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका सिंधु देवी ने गांव में आई बारात के मनोरंजन के लिए सरकारी भवन की चाभी ग्रामीणों को सौंप दी. मीडिया द्वारा संपर्क किए जाने पर सिंधु देवी ने घटना स्वीकार करते हुए कहा कि गांव वालों के कहने पर उन्होंने चाभी दे दी थी.

सरकारी सामान की सुरक्षा पर उठे सवाल

जब सेविका से पूछा गया कि यदि केंद्र में रखे सरकारी सामान की क्षति होती या कोई सामान गायब हो जाता तो जिम्मेदारी किसकी होती, तो वे इसका संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं. इसके बाद सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं.

प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब सिसवन प्रखंड के सीडीपीओ प्रमोद यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका सरकारी मोबाइल बंद मिला. वहीं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी तरणी कुमारी ने भी कॉल रिसीव नहीं किया. प्रशासन की चुप्पी से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है.

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा है. लोगों ने कहा कि सरकार गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र इसलिए बना रही है ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा और पोषण मिल सके, लेकिन जिम्मेदार लोग ही इसकी गरिमा को तार-तार कर रहे हैं.

जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषी सेविका और अन्य संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही भविष्य में सरकारी भवनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग उठाई है.

Also Read: सीवान से गुजरने वाली कई ट्रेनों का रुट बदला, इस कारण बाधित हुआ परिचालन, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >