सीवान नगर परिषद की बैठक में विवाद, मुख्य पार्षद ने लगाया कार्यवाही में बात दर्ज नहीं करने का आरोप

सीवान नगर परिषद की साधारण बोर्ड की बैठक विवादों के बीच स्थगित हो गई. मुख्य पार्षद ने कार्यवाही में बात दर्ज न होने का आरोप लगाया, जिससे अन्य एजेंडों पर चर्चा नहीं हो सकी.

Siwan Municipal Council Meeting: नगर परिषद की शनिवार को आयोजित साधारण बोर्ड की बैठक विवाद और गतिरोध के बीच स्थगित हो गयी. बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कार्यपालक पदाधिकारी पर उनकी बातों को कार्यवाही पंजी में दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया और बैठक से बाहर निकल गयीं. मुख्य पार्षद के बैठक से बाहर जाने के बाद अन्य एजेंडों पर चर्चा नहीं हो सकी. इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी.

कार्यवाही में बात दर्ज नहीं करने का लगाया आरोप

बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद सेंपी देवी कर रही थीं. कुछ बिंदुओं पर चर्चा शुरू होने के बाद मुख्य पार्षद ने आरोप लगाया कि कार्यपालक पदाधिकारी उनकी बातों को कार्यवाही पंजी में दर्ज नहीं कर रही हैं. उन्होंने अपनी आपत्ति प्रोसीडिंग कॉपी में भी दर्ज करायी.

मुख्य पार्षद ने सदन में मौजूद पार्षदों से कहा कि नगर निधि में उपलब्ध राशि से संबंधित पूरा विवरण उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है. ऐसी स्थिति में नगर निधि से जुड़े प्रस्तावों पर सही तरीके से चर्चा करना संभव नहीं है. उन्होंने नगर निधि में अब तक उपलब्ध राशि का स्पष्ट विवरण सदन के सामने रखने की मांग की.

इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से नगर निधि में उपलब्ध राशि और आवंटन से संबंधित विवरण सदन के समक्ष रखा गया.

नगर निधि से सामग्री खरीद और पुराने भुगतान पर सहमति

बैठक में मौजूद वार्ड पार्षदों ने नगर निधि में बची राशि से नगर परिषद कार्यालय के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने और पूर्व में कराये गये कार्यों के लंबित भुगतान पर सहमति जतायी. वहीं, 15वें वित्त आयोग की 40 प्रतिशत राशि से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी चर्चा हुई.

बैठक में नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराने का प्रस्ताव भी रखा गया. इस पर भी सदस्यों के बीच चर्चा हुई.

प्रत्येक वार्ड में पांच लाख से होंगे विकास कार्य

बैठक में प्रत्येक वार्ड में टूटे हुए स्लैब, नाला क्रॉस ड्रेन और खराब सड़कों की मरम्मत के लिए पांच-पांच लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया. प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को अधिकृत करने की बात कार्यवाही में दर्ज की गयी.

इस प्रस्ताव से वार्डों में लंबे समय से खराब सड़क, नाला और टूटे स्लैब जैसी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है.

मुख्य पार्षद के बाहर जाने का कार्यवाही में भी उल्लेख

बैठक की प्रोसीडिंग में मुख्य पार्षद के बैठक छोड़कर जाने की वजह का भी उल्लेख किया गया है. इसमें दर्ज है कि एजेंडा पर चर्चा शुरू होने से पहले मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से उनकी बातों को कार्यवाही में दर्ज नहीं किया जा रहा है. इसके बाद वह बैठक छोड़कर चली गयीं.

मुख्य पार्षद के बैठक से बाहर जाने के कारण अन्य एजेंडों पर विचार-विमर्श नहीं हो सका और बैठक स्थगित कर दी गयी. इस संबंध में वार्ड पार्षद संतोष कुमार यादव, शाह आलम, मुर्तजा अली, जयप्रकाश गुप्ता और मोहम्मद शहाबुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यवाही पर हस्ताक्षर किये हैं.

अचानक बैठक छोड़ने से बनी असमंजस की स्थिति

मुख्य पार्षद के अचानक बैठक से बाहर चले जाने की किसी को उम्मीद नहीं थी. उनके इस तरह बैठक छोड़ने के बाद कुछ देर तक सदन में पार्षदों और अधिकारियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही. मुख्य पार्षद के बाहर जाने के बाद करीब दस मिनट तक इस मामले को लेकर सदन में चर्चा होती रही.

इसके बाद ईओ नीलम श्वेता ने बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी.

ईओ ने कहा- मुख्य पार्षद की आपत्ति दर्ज की गयी

ईओ नीलम श्वेता ने कहा कि मुख्य पार्षद की ओर से यह आपत्ति जतायी गयी है कि उनकी बातों को बोर्ड के सामने रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है. वहीं, मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि साधारण बैठक के दौरान सभी पार्षद अपने-अपने एजेंडे रख रहे थे, लेकिन ईओ उनकी बातों पर ध्यान नहीं दे रही थीं.

उन्होंने आरोप लगाया कि ईओ अपने स्तर से ही निर्णय लेने की कोशिश कर रही हैं. मुख्य पार्षद ने कहा कि पिछली बैठक में भी छात्रों के आंदोलन का हवाला देकर बैठक स्थगित कर दी गयी थी.

मुख्य पार्षद बोलीं- सभी प्रस्तावों पर चर्चा जरूरी

मुख्य पार्षद सेंपी देवी ने कहा कि बोर्ड की साधारण बैठक में किसी एक व्यक्ति के निर्णय के आधार पर काम नहीं होता. सभी प्रस्तावों पर सदस्यों के बीच विचार-विमर्श और आपसी सहमति के बाद निर्णय लिया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद में फिलहाल इस प्रक्रिया का पालन नहीं हो रहा है.

उन्होंने कहा कि जल्द ही बोर्ड की बैठक दोबारा बुलायी जायेगी. इसमें लंबित एजेंडों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिये जायेंगे.

ये रहे मौजूद

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता के अलावा सुनीता देवी, पवन कुमार, संगीता देवी, असलम मंसूरी, पल्लवी प्रिया, वसीमा खातून, अर्चना देवी, राजकुमार बांसफोर, लाडली खातून, जावेद अली, शहनाज बानो, हसरून निशा, शायदा खातून, रामप्रवेश चौधरी, आजम अली, गायत्री कुमारी, गीता देवी, अनु उपाध्याय, राजाराम कुमार और आलोक कुमार सिंह सहित अन्य वार्ड पार्षद व संबंधित कर्मी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान में चोरी, शटर तोड़कर 2.67 लाख कैश ले गए चोर; CCTV में पूरी वारदात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >