Gold Silver Jewellery: मैरवा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिये. चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी व सूटकेस खोलकर उसमें रखे सामान लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी सुबह होने पर परिवार के लोगों को हुई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
जानकारी के अनुसार, धरहरा गांव निवासी गौरीशंकर राम के घर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने घर के पीछे लगी खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद कमरे में रखी अलमारी और सूटकेस को खोलकर सामान खंगाला. परिजनों के अनुसार, चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये.
सुबह सामान बिखरा मिला, तब हुई चोरी की जानकारी
सुबह परिवार के लोगों ने घर के अंदर सामान बिखरा देखा. जांच करने पर पीछे की खिड़की टूटी मिली, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई. परिजनों ने तत्काल मैरवा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की. पुलिस ने चोरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. आसपास के इलाके में भी पुलिस जानकारी ले रही है.
ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की
चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग पुलिस से की है.
पुलिस के अनुसार, चोरी गये सामान की वास्तविक कीमत और आभूषणों का पूरा विवरण परिजनों से जानकारी मिलने के बाद स्पष्ट होगा. मामले की जांच जारी है.
