सीवान जंक्शन पर बड़ा हादसा टला, फुट ओवरब्रिज निर्माण के दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया मजदूर

सीवान जंक्शन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक मजदूर हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया. इस घटना के कारण रेल परिचालन करीब 30 मिनट तक बाधित रहा और स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई.

Siwan News: सीवान जंक्शन पर शनिवार को फुट ओवरब्रिज (एफओबी) निर्माण के दौरान एक मजदूर हाई वोल्टेज ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया. हादसे में मजदूर किशन पटेल घायल हो गया. घटना के बाद करीब 30 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा.

सरिया हाई वोल्टेज तार से टकराया

सीवान जंक्शन पर एफओबी का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा सरिया रेलवे के हाई वोल्टेज ओवरहेड विद्युत तार के संपर्क में आ गया. करंट की चपेट में आने से निर्माण कार्य में लगे मजदूर किशन पटेल घायल हो गया.

निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे के तुरंत बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के कर्मचारियों ने घायल मजदूर को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों की भीड़ मौके पर जुट गयी.

करीब 30 मिनट प्रभावित रहा रेल परिचालन

हादसे के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए परिचालन रोक दिया. इस दौरान करीब 30 मिनट तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. लखनऊ से पाटलिपुत्र जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन होम सिग्नल के पास करीब आधे घंटे तक खड़ी रही. इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं. रेलवे के हाई वोल्टेज ओवरहेड तारों के आसपास काम करते समय विशेष सावधानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों में लापरवाही से भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.

घटना के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और रेलवे कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद रेल परिचालन को दोबारा बहाल कर दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >