Siwan News : बिहार सरकार ने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब सीवान सदर अस्पताल समेत जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की ड्यूटी पर उपस्थिति की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी. ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी डॉक्टरों की मॉनिटरिंग
स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य में नई रेफरल व्यवस्था, 24 घंटे आपातकालीन सेवा तथा सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) के प्रभावी संचालन को देखते हुए अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, पटना से सभी सरकारी अस्पतालों में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की उपस्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी.
ओपीडी, वार्ड और इमरजेंसी सेवाओं पर रहेगा विशेष फोकस
आदेश के अनुसार, बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), भर्ती वार्ड तथा आपातकालीन सेवा में तैनात चिकित्सकों की उपस्थिति का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा. यदि कोई चिकित्सक निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है, तो इसकी सूचना सीधे स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी और संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पहले ही दिए जा चुके हैं निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठकों में सभी चिकित्सकों को ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे. अब इन निर्देशों के अनुपालन की निगरानी तकनीकी माध्यम से की जाएगी.
मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ
इस व्यवस्था का सीधा असर सीवान सदर अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों पर पड़ेगा. इससे चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होगी, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और अनावश्यक रेफरल की प्रवृत्ति पर भी प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है.
