Siwan News: आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जीबी नगर थाना परिसर में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा समिति के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों के साथ पर्व की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई.
पुराने रूट चार्ट का करना होगा पालन
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि चेहल्लुम के अवसर पर सभी अखाड़े पूर्व निर्धारित पुराने रूट चार्ट के अनुसार ही निकलेंगे. बिना लाइसेंस किसी भी अखाड़े या जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन करना अनिवार्य होगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अफवाहों से बचने और पुलिस को सूचना देने की अपील
थानाध्यक्ष ने लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी.
जनप्रतिनिधियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर रखे सुझाव
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र के कर्बला में लगने वाले उर्स, जुलूस के रूट तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी. साथ ही उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की और प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया.
बैठक में पुलिसकर्मियों के अलावा अब्दुल करीम रिजवी, सोहैल अहमद, रामदुलार वर्मा, इम्तेयाज अहमद, मनंजय सिंह, सुनील कुमार राम, सत्येंद्र कुमार सिन्हा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार में सड़क हादसा हुआ तो बस 112 पर करें कॉल, मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
