सीवान में घर निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों ने दर्ज करायी शिकायत

सीवान के चिंतामनपुर गांव में घर निर्माण को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है. घटना के बाद तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सीवान: दरौंदा थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर गांव में घर निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए दरौंदा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. घटना 27 जुलाई की बतायी जा रही है.

पहले पक्ष ने रुपये और कागजात ले जाने का लगाया आरोप

पहले पक्ष की ओर से मंटू कुमार यादव ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि घटना के समय वह अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर पर मौजूद थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे और घर निर्माण के लिए रखे गए पैसों को लेकर विवाद करने लगे. आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपितों ने उनकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गईं.

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सीवान रेफर कर दिया गया. आवेदन में घर निर्माण के लिए रखे करीब 50 हजार रुपये और जमीन से संबंधित कागजात लेकर चले जाने का भी आरोप लगाया गया है.

दूसरे पक्ष ने निजी जमीन पर हमला करने का लगाया आरोप

दूसरे पक्ष की ओर से रविंद्र यादव ने थाने में दिए आवेदन में कहा है कि वह अपनी निजी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और पूछताछ करने पर उन पर हमला कर दिया. इस घटना में उनके हाथ में गंभीर चोट आई तथा हथेली कट गई.

घायल रविंद्र यादव को स्थानीय लोगों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : EO विमल कुमार हत्याकांड: ‘टॉयलेट नहीं जाने दिया, गाली दी, गुस्से में कर दी हत्या’, ड्राइवर ने बतायी पूरी कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवींद्र गुप्ता

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >