Siwan News : मानसून से पहले पुलों की सेहत जांचने पहुंचा पथ निर्माण विभाग

Siwan News : मानसून से पहले पुलों की सेहत जांचने पथ निर्माण विभाग, अतीत में हुए पुल हादसों से विभाग ने लिया सबक

Siwan News (विवेक कुमार सिंह) : पुलों की सुरक्षा को लेकर पथ निर्माण विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है.मानसून से पहले पुलों की वास्तविक स्थिति जानने और किसी भी संभावित हादसे को रोकने के उद्देश्य से विभाग ने सभी प्रमुख पुलों की विशेष जांच शुरू कर दी है.विभागीय निर्देश के बाद शुक्रवार को जिले में अधीक्षण अभियंता सीमा रानी और कार्यपालक अभियंता समलदेव कुमार ने शहर के दाहा नदी स्थित पुल, न्यू हसुआ पथ स्थित पुल समेत कई महत्वपूर्ण पुलों का निरीक्षण किया. इस दौरान पुलों की संरचना, तकनीकी मजबूती और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई.

अप्रोच रोड की स्थिति, ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सबका हुआ निरीक्षण

विभागीय अधिकारियों ने पुलों के फाउंडेशन, बेयरिंग, गडर, स्पैन स्लैब, पाइल, एक्सपेंशन ज्वाइंट, वायरिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया. साथ ही अप्रोच रोड की स्थिति, ड्रेनेज सिस्टम की सफाई और पुल के दोनों छोर की वर्तमान स्थिति का भी आकलन किया गया.निरीक्षण के दौरान जहां-जहां कमियां मिलीं, उन्हें चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार की गई.जिसे मुख्यालय भेजा जाएगा. इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे मरम्मत और रखरखाव की कार्ययोजना तैयार होगी.

मानसून में बढ़ जाता है पुलों पर दबाव

अधीक्षण अभियंता सीमा रानी ने कहा कि पुलों की सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पुलों पर दबाव बढ़ जाता है, इसलिए पहले से सतर्कता बेहद जरूरी है.कार्यपालक अभियंता समलदेव कुमार ने बताया कि जिले के सभी महत्वपूर्ण पुलों की जांच शुरू कर दी गई है.

पुलों के नीचे बहाव की स्थिति का लिया जायजा

निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जा रही है. जिन पुलों की स्थिति कमजोर या जर्जर पाई जाएगी.उनकी मरम्मत की कार्ययोजना पर तत्काल प्रभाव से काम शुरू कराया जाएगा.उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल औपचारिक जांच नहीं, बल्कि पुलों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है.जांच के दौरान अभियंताओं ने पुलों के नीचे बहाव की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया.

अतीत में हुए पुल हादसों से विभाग ने लिया सबक

अधिकारियों का मानना है कि कई बार ड्रेनेज जाम होने और समय पर सफाई नहीं होने से पुलों की संरचना पर असर पड़ता है. ऐसे में मानसून से पहले सभी तकनीकी बिंदुओं की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराना जरूरी है. विभाग की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में सामने आए पुल हादसों और लगातार मिल रही शिकायतों से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

फील्ड में उतरकर मॉनिटरिंग कर रही है टीम

इसी कारण सरकार ने सभी जिलों में पुलों की स्थिति की रिपोर्ट मांगी है. जिले में भी विभागीय टीम लगातार फील्ड में उतरकर निरीक्षण कर रही है.अधीक्षण अभियंता ने सभी अभियंताओं को मानसून अवधि में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.उन्होंने कहा कि पुलों की नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी जांच और समय पर मरम्मत से ही बड़े हादसों को रोका जा सकता है. विभाग की कोशिश है कि बारिश के दौरान आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलती रहे.

Also Read : Patna News : RJD विधायक के भाई से बीच सड़क लूटपाट, चेन छीन कर भागे बदमाश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

YUVRAJ RATAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >