सीवान में शॉर्ट सर्किट से साड़ी दुकान में लगी आग, 25 लाख की संपत्ति जली

सीवान में एक साड़ी दुकान में भीषण आग लगने से वर्षों की मेहनत खाक हो गई. आग से दुकानदार को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जांच की मांग की गई है.

सीवान. नगर थाना क्षेत्र के दरबार सिनेमा के समीप स्थित एक साड़ी दुकान में लगी भीषण आग ने दुकानदार की वर्षों की मेहनत को कुछ ही घंटों में राख कर दिया. आग की घटना के बाद दुकान मालिक शेषनाथ मिश्रा ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि उनकी जमा पूंजी और कारोबार पूरी तरह बर्बाद हो गया.

दुकान बंद कर घर गए थे मालिक, सुबह मिली आग की सूचना

शेषनाथ मिश्रा ने बताया कि बुधवार की रात रोज की तरह दुकान बंद करने से पहले उन्होंने मुख्य बिजली आपूर्ति (एमसीबी) बंद की और दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे. उस समय दुकान में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी.

गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे आसपास के लोगों ने फोन कर सूचना दी कि दुकान से धुआं निकल रहा है और आग की तेज लपटें दिखाई दे रही हैं. सूचना मिलते ही वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे.

अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

मौके पर पहुंचने पर देखा कि पूरी दुकान आग की चपेट में थी. अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी. स्थानीय लोगों ने भी आग पर काबू पाने में मदद की.

काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था.

साड़ी, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर हुए राख

दुकानदार के अनुसार, दुकान में बड़ी मात्रा में साड़ियां, रेडीमेड कपड़े, काउंटर, फर्नीचर, कंप्यूटर, बिलिंग मशीन, सीसीटीवी उपकरण, बिजली के सामान सहित अन्य जरूरी सामग्री रखी थी. आग में सब कुछ जलकर बर्बाद हो गया.

उन्होंने बताया कि इस अगलगी में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. हालांकि नुकसान का अंतिम आकलन अभी किया जा रहा है.

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच की मांग

शेषनाथ मिश्रा ने बताया कि शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, लेकिन दुकान बंद करने से पहले उन्होंने एमसीबी बंद कर दी थी. ऐसे में आग कैसे लगी, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है.

उन्होंने प्रशासन से घटना की जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें.

व्यापारियों ने प्रशासन से मदद की अपील की

दुकान में आग लगने के बाद आसपास के व्यापारियों ने शेषनाथ मिश्रा को सांत्वना दी. व्यापारियों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >