Siwan News : प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई. इसकी अध्यक्षता 20 सूत्री समिति के अध्यक्ष रवींद्र सिंह कुशवाहा ने की, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अर्चना कुमारी उपस्थित रहीं.
स्वास्थ्य समिति की नियमित बैठक कराने की उठी मांग
बैठक में 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष कृष्णा प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य समिति की नियमित बैठक कराने की मांग उठाई. इस पर बीडीओ ने चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आकाश कुमार को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
डॉक्टरों की उपस्थिति और बिजली कटौती का मुद्दा छाया
उप प्रमुख प्रसिद्ध कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों के निर्धारित रोस्टर के अनुसार उपस्थित नहीं रहने का मुद्दा उठाया. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. इस पर बिजली विभाग की कनीय अभियंता (जेई) ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है. जवाब में उप प्रमुख ने ट्रांसफार्मर के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक सवाल-जवाब भी हुआ, जिसे बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया.
ब्लड जांच मशीन और नल-जल योजना पर भी हुई चर्चा
सांसद प्रतिनिधि दीनदयाल बिन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड जांच मशीन खराब होने का मुद्दा उठाया. इस पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आकाश कुमार ने बताया कि मशीन की मरम्मत करा दी गई है और अब नियमित रूप से ब्लड जांच की जा रही है. बैठक में नल-जल योजना को लेकर भी सवाल उठाया गया. सदस्यों ने कहा कि वार्ड संख्या 10 में लाखों रुपये खर्च कर नल-जल योजना का निर्माण कराया गया, लेकिन आज तक लोगों को एक बूंद पानी नहीं मिल सका है. इस पर पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता ने आश्वासन दिया कि योजना की मरम्मत कर जल्द ही लोगों को नियमित जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी.
विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अंचल पदाधिकारी शशि कुमारी, थाना प्रभारी जीत मोहन कुमार, प्रखंड एवं अंचल के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे.
