सीवान: नगर थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित सोनार टोली में सोमवार को राजस्थान पुलिस ने चोरी के आभूषण मामले की जांच को लेकर एक आभूषण दुकान में घंटों छापेमारी और जांच की. कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुट गई, जिसे पुलिस ने हटाकर जांच जारी रखी.
राजस्थान के जोधपुर थाना से आए पुलिस पदाधिकारी प्रेम राज ने बताया कि सीवान की एक किन्नर कई वर्षों से जोधपुर में किन्नरों के मुखिया के यहां रहती थी. आरोप है कि वह वहां से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई. इस मामले में जोधपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान के दौरान मिले सुराग के आधार पर राजस्थान पुलिस पीड़ित किन्नर के साथ सीवान पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से चौक बाजार स्थित एक आभूषण दुकान में जांच शुरू की.
पुलिस के अनुसार, मामले में करीब दो किलोग्राम चांदी और लगभग 700 ग्राम सोने के आभूषणों की जांच की जा रही है. बरामदगी की संभावना को देखते हुए देर शाम तक दुकान में जांच चलती रही.
दो थानों की पुलिस रही मौजूद
छापेमारी के दौरान राजस्थान पुलिस के साथ नगर थाना और महादेवा थाना की पुलिस भी मौजूद रही. पुलिस पदाधिकारी प्रेम राज ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की सहायता से कार्रवाई की गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. उन्होंने कहा कि सीवान से चोरी के आभूषण बरामद होने की संभावना है.
क्या बोले प्रभारी थानाध्यक्ष
नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि यह चोरी के आभूषण से जुड़ा मामला है. जोधपुर पुलिस एक आभूषण दुकान में जांच कर रही है. पूरे मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
