सीवान के महाराजगंज में आधार कार्ड में कथित धांधली की शिकायत पर साइबर कैफे में छापेमारी, कंप्यूटर और दस्तावेज जब्त

Siwan News: सीवान के महाराजगंज में आधार कार्ड बनाने में धांधली और अवैध वसूली की शिकायतें प्रशासन तक पहुंचीं. बच्चियों की शिकायत पर एसडीओ अनिता सिन्हा ने भारी पुलिस बल के साथ साइबर कैफे पर छापा मारा, जहां से कंप्यूटर और सरकारी दस्तावेज जब्त किए गए.

Siwan News: सीवान जिले के महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय के व्यस्ततम बैंक चौक स्थित एक साइबर कैफे में आधार कार्ड बनाने में कथित अनियमितता और अवैध वसूली की शिकायत पर मंगलवार को स्थानीय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की. एसडीओ अनिता सिन्हा के कुशल नेतृत्व में की गई इस सघन छापेमारी के दौरान कंप्यूटर, पहचान पत्र एवं पैन कार्ड से संबंधित दस्तावेज सहित कई संदिग्ध सामान जब्त कर अग्रिम तकनीकी जांच के लिए महाराजगंज थाना लाया गया.

बच्चियों ने की थी शिकायत

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बैंक चौक स्थित राज साइबर कैफे में आधार कार्ड बनाने और सुधार करने के नाम पर आर्थिक अनियमितता व अवैध राशि वसूलने की शिकायतें लगातार अनुमंडल प्रशासन को मिल रही थीं. इसी बीच मंगलवार को दो बच्चियां इस धांधली से जुड़ी अपनी गंभीर शिकायत लेकर सीधे एसडीओ कार्यालय पहुंचीं. बच्चियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ अनिता सिन्हा ने तत्काल ऑन-स्पॉट जांच का कड़ा निर्णय लिया.

भारी पुलिस बल के साथ रेड

शिकायत मिलते ही बिना वक्त गंवाए एसडीओ अनिता सिन्हा, एसडीपीओ अमन, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) तथा महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सीधे राज साइबर कैफे पहुचे. एकाएक पहुंची प्रशासनिक टीम ने कैफे को अपने घेरे में ले लिया. इसके बाद टीम ने कैफे में मौजूद मुख्य कंप्यूटर सिस्टम, आधार कार्ड से जुड़े बायोमेट्रिक दस्तावेजों और अन्य सभी अभिलेखों की गहनता से तकनीकी जांच की.

सामान किया गया पूरी तरह सील

सघन जांच के दौरान मौके से कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और अवैध रूप से रखे गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए. पुलिस ने सभी जब्त सामानों की सूची बनाकर उन्हें आगे की जांच के लिए महाराजगंज थाना सुरक्षित भेज दिया है. अनुमंडल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कैफे संचालक के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसडीओ अनिता सिन्हा ने पत्रकारों को बताया कि क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने और उसमें सुधार करने के नाम पर अवैध राशि वसूलने व आम जनता को परेशान करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन्हीं पुख्ता शिकायतों के आधार पर यह छापेमारी की गई है. जांच पूरी होने के बाद यदि कोई भी संचालक या कर्मी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी नामजद कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बाजार में दिनभर रही चर्चा

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस दस्तावेजों की स्क्रूटनी कर रही है. इधर, अनुमंडल प्रशासन की इस बड़ी छापेमारी के बाद बैंक चौक क्षेत्र में दिनभर विभिन्न तरह की चर्चाओं का बाजार पूरी तरह गर्म रहा और इस कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुटे रहे.

Also Read: सीवान में अब रात में भी होगी शहरों की सफाई, हर वार्ड के लिए बनेगा ड्यूटी रोस्टर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Afjal anwar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >