भगवानपुर हाट. प्रखंड के पनियाडीह में वसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय निषाद मेला को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही हैं. यह मेला प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें निषाद समुदाय की सांस्कृतिक, सामाजिक और धार्मिक परंपराओं की भव्य झलक देखने को मिलती है. आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष मेले में राज्य के विभिन्न जिलों से करीब सत्तर से अस्सी हजार से अधिक श्रद्धालुओं और आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है, जिसको देखते हुए सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.राज्यस्तरीय यह निषाद मेला पनियाडीह गांव स्थित बाबा ज्योतिष नाथ ब्रह्म स्थान के पास आयोजित होता है, जिसे निषाद समाज का प्रमुख तीर्थ स्थल माना जाता है. मेले को लेकर मंदिर परिसर की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है.इस पावन स्थल पर बाबा ज्योतिष ब्रह्म, बाबू कारिख नाथ, माता अपूरा सती सहित अन्य देवी-देवताओं के मंदिर स्थापित हैं, जहां वसंत पंचमी के दौरान विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. परंपरा के अनुसार, वसंत पंचमी से एक दिन पूर्व चतुर्थी तिथि की रात श्रद्धालु मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन करते हैं.वसंत पंचमी के दिन अहले सुबह श्रद्धालु मंदिर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित दूधिया पोखरा में स्नान कर बाबा ज्योतिष नाथ सहित अन्य देवी-देवताओं का जलाभिषेक करते हैं. इसके बाद दो दिनों तक मेले का आयोजन किया जाता है.मेले को लेकर मनोरंजन के साधन, झूला, सर्कस, खेल-तमाशे सहित विभिन्न प्रकार की दुकानें और होटल लगने लगे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है. दुकानदारों को मेला समिति द्वारा निर्धारित स्थान आवंटित किया गया है. दो दिवसीय इस धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मेला की शांति व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार विशाल एवं भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने मंदिर समिति के सदस्यों और सराय परौली के मुखिया मंटू द्विवेदी के साथ बैठक की. बैठक में मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
