सीवान में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सक्रिय हुई पुलिस दीदी टीम, स्कूटी से संवेदनशील इलाकों में रखेगी नजर

सीवान जिले में महिला सुरक्षा को लेकर 'पुलिस दीदी टीम' का विस्तार किया गया है. अब दरौंदा थाना क्षेत्र में भी यह टीम सक्रिय हो गई है. महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी दी गई है ताकि वे संवेदनशील इलाकों में त्वरित गश्त कर सकें.

Siwan News : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सीवान जिले में गठित ‘पुलिस दीदी टीम’ को अब दरौंदा थाना क्षेत्र में भी सक्रिय कर दिया गया है. जारी आदेश के तहत दरौंदा थाना में परि० पु० अ०नि० डिम्पल कुमारी एवं महिला सिपाही रेणु यादव को पुलिस दीदी टीम में प्रतिनियुक्त किया गया है. दोनों महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में त्वरित भ्रमण और निगरानी के लिए स्कूटी उपलब्ध करायी गयी है.

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर.

पुलिस दीदी टीम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है. टीम बलात्कार, अपहरण, छेड़खानी, दुर्व्यवहार, चेन स्नैचिंग समेत अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगी.

स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले इलाकों में होगा भ्रमण.

टीम की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा स्कूल, महिला कॉलेज, कोचिंग संस्थान, महिला छात्रावास, मॉल, पार्क, सिनेमा हॉल और मेला स्थलों सहित अन्य संवेदनशील जगहों पर नियमित भ्रमण किया जाएगा. इसके अलावा मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जाएगी.

संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल होगी कार्रवाई.

भ्रमण के दौरान पुलिस दीदी टीम असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखेगी. संदिग्ध परिस्थितियों या किसी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी. टीम के सक्रिय रहने से महिलाओं और बालिकाओं के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होने की उम्मीद है.

स्कूटी मिलने से त्वरित कार्रवाई में होगी सुविधा.

महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराये जाने से टीम को क्षेत्र में तेजी से भ्रमण करने और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने में सुविधा होगी. पुलिस की इस पहल से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ने के साथ असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवींद्र गुप्ता

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >