Siwan News : दलित-मुस्लिम चेतना मंच की ओर से 13 सितंबर को सीवान में आयोजित होने वाले दलित-मुस्लिम सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में आंदर प्रखंड के चकरी गांव में दलित संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों को लेकर चर्चा की गयी.
संविधान और सामाजिक न्याय पर हुई चर्चा
कार्यक्रम की अध्यक्षता केशव राम ने की. संवाद के दौरान मौजूद लोगों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और उसके मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूकता और लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी है.
13 सितंबर के सम्मेलन में जुटने की अपील
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने 13 सितंबर को सीवान के सिटी पैलेस मैरेज हॉल में आयोजित होने वाले दलित-मुस्लिम सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आश्वासन दिया. कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन के उद्देश्यों और कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की.
कमजोर वर्गों के अधिकार के लिए एकजुट होने का आह्वान
दलित-मुस्लिम चेतना मंच के संयोजक सह बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के सामने आज भी कई चुनौतियां हैं. ऐसे लोगों के अधिकार और न्याय के लिए सभी को एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी होगी.
भय और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की बात
डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद ने कहा कि 13 सितंबर का सम्मेलन संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की रक्षा के लिए मजबूत सामाजिक आवाज बनेगा. उन्होंने कहा कि शहजाद शाह सहित कमजोर वर्गों के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और समाज में भय व अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है.
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में महाराजगंज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जवाहर राम, आंदर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष केवल राम, कुंदन राम, सुप्रभात श्रीवास्तव, राधेश्याम तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
