Siwan News : महाराजगंज प्रखंड के पटेढ़ा में आयोजित सुप्रसिद्ध योगी ब्रह्म महावीरी झंडा मेला में शुक्रवार को आस्था और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा. योगी ब्रह्म के दर्शन के लिए अलग-अलग जाति, धर्म और संप्रदाय के श्रद्धालु पहुंचे. पूरा मेला क्षेत्र योगी ब्रह्म के जयकारों से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा.
मनोकामना के लिए बरगद पर रक्षासूत बांधने की होड़
योगी ब्रह्म के दर्शन के बाद श्रद्धालु विशालकाय बरगद के पेड़ पर मनोकामना पूर्ति के लिए रक्षासूत और वस्त्र बांधते नजर आये. कुछ ही देर में पूरा बरगद का पेड़ रंग-बिरंगे रक्षासूत्रों और कपड़ों से ढक गया. श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन से योगी ब्रह्म के दरबार में पहुंचने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी होती है.
हाथी-घोड़े और बैंड बाजे के साथ निकले अखाड़े
महावीरी झंडा मेला को लेकर रात में जुलूस के बाद शुक्रवार को दोपहर बाद महावीरी अखाड़ों का निकलना शुरू हुआ. देवरिया, पटेढ़ा और पटेढ़ी गांव से हाथी, घोड़े और बैंड बाजे के साथ अखाड़े निकले. डंके की चोट और जयकारों के बीच निकले अखाड़ों ने अपनी भव्यता और शालीनता से लोगों का मन मोह लिया.
अखाड़ों में शामिल युवाओं ने विभिन्न हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. वहीं, रात में जुलूस के दौरान निकली झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया. पूरे आयोजन के दौरान ‘जय हो, जय हो’ के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा.
सर्वमान्य हैं बाबा योगी ब्रह्म
पटेढ़ा बाजार में विशालकाय बरगद की छांव में योगी ब्रह्म का स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां सालों भर आयोजन होते हैं और बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं. श्रद्धालु बरगद की शाखाओं पर अपनी मनोकामना को लेकर रक्षासूत बांधते हैं.
भक्तों का कहना है कि योगी ब्रह्म के दरबार में सच्ची श्रद्धा से आने वाला खाली हाथ नहीं लौटता. इसी आस्था के कारण बरगद का पूरा पेड़ रक्षासूत्रों और वस्त्रों से आच्छादित दिखाई देता है.
मेले में प्रशासन रहा मुस्तैद
योगी ब्रह्म महावीरी झंडा मेला को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एसडीओ अनीता सिंहा और एसडीपीओ अमन मेले की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे. मेला क्षेत्र में पुलिस टीम लगातार गश्त करती रही.
इसके अलावा दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की.
मौके पर सतीश शाही उर्फ बबलू शाही, रमाशंकर शाही, गोल्डन शाही, संजीव शाही, अशोक द्विवेदी, पूर्व मुखिया उमेश शाही, राजू शाही, निर्मल द्विवेदी, सीटू शाही, प्रीत शाही, भोलू शाही, अजय शाही सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
