सीवान: भगवानपुर हाट के दो पैक्स गोदामों में निर्माण में मिली गड़बड़ी, संयुक्त निबंधक ने दिए सुधार के निर्देश

संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने सिवान के भगवानपुर हाट प्रखंड में निर्माणाधीन पैक्स गोदामों का निरीक्षण किया. बलहा एलाजी और बिठुना पैक्स में राशि निकासी के बावजूद निर्माण अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई. महम्मदा पैक्स में कार्य जारी है, लेकिन तकनीकी निगरानी में लापरवाही पाई गई है.

Siwan news: (विवेक कुमार सिंह) सारण प्रमंडल के संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने बुधवार को भगवानपुर हाट प्रखंड के बलहा एलाजी, बिठुना और महम्मदा पैक्स में निर्माणाधीन गोदामों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान बलहा एलाजी और बिठुना पैक्स में राशि निकासी के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई. वहीं महम्मदा पैक्स में निर्माण कार्य प्रगति पर मिला, जहां उन्होंने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

बलहा एलाजी और बिठुना पैक्स में मिली कई अनियमितताएं

निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक अनियमितताएं बलहा एलाजी और बिठुना पैक्स में सामने आईं. अधिकारियों ने पाया कि दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य लगभग ठप है, जबकि निर्माण के लिए पहले ही राशि की कई किस्तें जारी की जा चुकी हैं. इससे निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं.

बलहा एलाजी पैक्स में दो किस्त की राशि निकासी के बावजूद भवन निर्माण केवल फाउंडेशन के ऊपर तक ही पहुंच सका है. निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अध्यक्ष कक्ष और प्रबंधक कार्यालय का निर्माण स्वीकृत नक्शे एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है. संयुक्त निबंधक ने मौके पर ही संबंधित लोगों को निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराने का निर्देश दिया.

बिठुना पैक्स में भी धीमी मिली निर्माण की रफ्तार

बिठुना पैक्स में तीन किस्त की राशि जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है. भवन निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति दोनों ही संतोषजनक नहीं मिलीं. संयुक्त निबंधक ने कई कमियां चिन्हित करते हुए उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए.

महम्मदा पैक्स में कार्य जारी, समय पर पूरा करने का निर्देश

इसके विपरीत महम्मदा पैक्स में गोदाम निर्माण कार्य प्रगति पर मिला. संयुक्त निबंधक ने निर्माण एजेंसी और पैक्स प्रबंधन को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को जल्द भंडारण की सुविधा उपलब्ध हो सके.

तकनीकी निगरानी में लापरवाही पर जताई चिंता

निरीक्षण के बाद संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने बताया कि एक माह पहले हुई समीक्षा बैठक में प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी राकेश कुमार ने जुलाई के भीतर तीनों गोदामों का निर्माण पूरा होने की जानकारी दी थी, लेकिन वर्तमान स्थिति देखकर ऐसा संभव नहीं लग रहा है.

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के लिए नामित अभियंता द्वारा नियमित तकनीकी निगरानी नहीं किए जाने के कारण कई विसंगतियां सामने आई हैं. कार्य की शुरुआत में भवन निर्माण विभाग के अभियंता ब्रजेश पटेल तकनीकी देखरेख कर रहे थे, लेकिन समय-समय पर प्रभावी निगरानी नहीं होने से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ.

गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, होगी कार्रवाई

संयुक्त निबंधक ने संबंधित अधिकारियों को सभी कमियों को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी राशि से बनने वाले गोदामों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >