Siwan News : बड़हरिया प्रखंड के कोइरीगांवा में ऐतिहासिक बड़हरिया और हरदियां महावीरी झंडा मेला की तैयारियों को लेकर शनिवार की रात ग्रामीण युवाओं की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि सह सांसद प्रतिनिधि बाल्मीकि कुमार अश्विनी ने की. इसमें अखाड़ा जुलूस को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में निकालने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये.
अखाड़ा जुलूस में नहीं बजेगा डीजे
बैठक में सर्वसम्मति से अखाड़ा जुलूस में आर्केस्ट्रा नहीं लगाने और डीजे नहीं बजाने का निर्णय लिया गया. तय किया गया कि जुलूस में केवल डागा और बैंड-बाजे का इस्तेमाल किया जायेगा. इसके साथ घोड़े भी अखाड़ा जुलूस में शामिल रहेंगे.
ग्रामीण लाठी के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अखाड़ा स्थल रामजानकी मठ परिसर, बड़हरिया और शिव मंदिर, हरदियां पहुंचेंगे. बैठक में सरकार और जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर भी सहमति बनी.
गांव-गांव बैठक कर बनायी जा रही सहमति
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के विभिन्न महावीरी झंडा मेलों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गांव-गांव सामाजिक स्तर पर बैठकें की जा रही हैं. इन बैठकों में अखाड़ा जुलूस में आर्केस्ट्रा और डीजे नहीं ले जाने पर सहमति बनायी जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, इसका सकारात्मक परिणाम पहाड़पुर महावीरी झंडा मेला में भी देखने को मिला है.
अश्विनी कुमार ने बताया डीजे-आर्केस्ट्रा से दूरी का कारण
सांसद प्रतिनिधि अश्विनी कुमार ने कहा कि आर्केस्ट्रा के कारण मेले में अनावश्यक भीड़ और असहज स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है. उन्होंने कहा कि नर्तकियों के भोंडे प्रदर्शन और द्विअर्थी गानों से सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है. इससे मेले में आने वाले परिवारों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ सकता है.
उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी पर गलत प्रभाव न पड़े, इसके लिए सामाजिक स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों से दूरी बनाने का निर्णय लिया गया है.
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
बैठक में पैक्स अध्यक्ष विद्याभूषण वर्मा, संतू चौधरी, मनोज कुशवाहा, धनंजय कुशवाहा, लालसाहेब शर्मा, रमेश वर्मा, धर्मेंद्र गिरि, राजकुमार वर्मा, राकेश कुमार, सुमीत कुमार, प्रवीण कुमार, धर्मेंद्र साह, जीतेंद्र साह, अजय साह, राकेश शर्मा, गगूल शर्मा, राधेश्याम महतो, ओमप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
