Siwan News: जिले के दरौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक की बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से 15.61 ग्राम स्मैक, एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
दरौली थाना अध्यक्ष अभिनव दुबे ने बताया कि 19 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दरौली निवासी दुर्गेश गुप्ता अपने घर की पहली मंजिल पर स्मैक छिपाकर उसकी पैकिंग और बिक्री कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर तत्काल छापेमारी की गई.
पैकिंग करते रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी
पुलिस जब आरोपी के घर की पहली मंजिल पर पहुंची तो देखा कि वह जमीन पर बैठकर सफेद कागज की कई पुड़ियों में स्मैक की पैकिंग कर रहा था. पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 15.61 ग्राम स्मैक, एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ.
पहले से दागी है गिरफ्तार आरोपी
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दुर्गेश गुप्ता के खिलाफ पहले से दरौली थाना में डोजियर खुला हुआ है. उसका दागी संख्या ए/1108 अंकित है. इसके अलावा उसके विरुद्ध दरौली थाना में कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है.
पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे 7 विधेयक, दाखिल-खारिज, सेवा कर समेत ये हैं शामिल
