Crime Control: मैरवा अनुमंडल के नवपदस्थापित एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की. उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताया. एसडीपीओ ने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के साथ अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा.
शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए बनेगी विशेष टीम
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम का गठन किया जा रहा है. यह टीम तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
उन्होंने बताया कि अवैध शराब के कारोबार से संपत्ति अर्जित करने वाले लोगों की संपत्ति की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में संपत्ति जब्ती के लिए पीएमएलए और बीएनएस की धारा 107 के तहत प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
थानों में जनता की समस्या नहीं सुनी तो सीधे करें शिकायत
एसडीपीओ ने पुलिस-पब्लिक संबंधों को बेहतर बनाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को थाना स्तर पर गंभीरता से सुना जाना चाहिए. यदि किसी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी जनता की शिकायत नहीं सुनते हैं या किसी मामले में लापरवाही बरतते हैं, तो इसकी सूचना सीधे एसडीपीओ को दी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का नियमानुसार और समय पर समाधान करना पुलिस की जिम्मेदारी है. पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कार्रवाई करनी चाहिए.
महावीरी अखाड़े में गाइडलाइन का पालन करने की अपील
आगामी महावीरी अखाड़े को लेकर एसडीपीओ ने आयोजकों और आम लोगों से सरकार एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी. एसडीपीओ ने आम लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, शराब तस्करी अथवा पुलिस की लापरवाही की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. प्रशासन जनता की सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी तरह तत्पर रहेगा.
