Siwan News : जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा नौवीं और 11वीं में सत्र 2027-28 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसके लिए लेटरल एंट्री सेलेक्शन टेस्ट (एलईएसटी)-2027 के ऑनलाइन आवेदन लिये जा रहे हैं. पात्र विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के निर्धारित पोर्टल के माध्यम से नि:शुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है.
नौवीं और 11वीं के लिए अलग-अलग आवेदन प्रक्रिया
कक्षा नौवीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को संबंधित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा. वहीं कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए अलग पोर्टल निर्धारित किया गया है. विद्यार्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित पोर्टल पर उपलब्ध विवरणिका का अध्ययन करने की सलाह दी गयी है.
विवरणिका में पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध है. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी निर्धारित शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ले लेने को कहा गया है.
अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील
जिला प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है. आवेदन पत्र में सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने और निर्धारित दस्तावेजों को सही तरीके से अपलोड करने का निर्देश दिया गया है.
परीक्षा और प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय समिति के आवेदन पोर्टल पर उपलब्ध है. पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.
