Siwan News : (विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट)
लोगों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा मंगलवार को शहर के मैरवा रोड स्थित राजेंद्र खादी ग्रामोद्योग केंद्र में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर वार्ड संख्या एक से पांच तक के नागरिकों की शिकायतों के निवारण के लिए लगाया गया था.
हालांकि पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण शिविर में अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंचे. परिणामस्वरूप दिनभर अधिकतर समय अधिकारी और कर्मचारी ही मौजूद रहे, जबकि आम नागरिकों की भागीदारी बेहद कम रही.
व्यापक रूप से नहीं हुआ प्रचार
शिविर में नगर परिषद की ओर से टेंट, कुर्सी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं और अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर पहुंच गए थे, लेकिन लोगों को जानकारी नहीं मिलने के कारण शिकायत दर्ज कराने वालों की संख्या नगण्य रही.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिविर की जानकारी पहले से व्यापक स्तर पर दी गई होती, तो बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते और उन्हें समाधान का लाभ मिलता.
शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्या का समाधान करना
नगर परिषद की ओर से आयोजित इन सहयोग शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके वार्ड के नजदीक ही प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. लेकिन इस बार कम उपस्थिति के कारण यह उद्देश्य पूरी तरह सफल होता नहीं दिखा.
स्थानीय नागरिकों ने सुझाव दिया कि भविष्य में ऐसे शिविरों की जानकारी वार्ड स्तर पर माइकिंग, पोस्टर, बैनर और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक रूप से दी जानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.
Also Read: सीवान में किशोरी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप
