Siwan News : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सीवान में सरकारी इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत विद्या भवन महिला महाविद्यालय की स्नातक छात्राओं के लिए आयोजित दो सप्ताह के आधुनिक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का समापन प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ. प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को रोजगार के लिए जरूरी तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल से दक्ष बनाना था.
आधुनिक कौशल पर दिया गया जोर
नई शिक्षा नीति-2020 के तहत यूजीसी के दिशा-निर्देशों के आलोक में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की गयी थी. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को उपयोगी सॉफ्टवेयर, डिजिटल लिटरेसी, कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी, कम्युनिकेशन स्किल, प्रैक्टिकल एक्सपोजर और व्यक्तित्व विकास से संबंधित जानकारी दी गयी.
50 छात्राओं ने कराया था पंजीकरण
दो सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 छात्राओं ने पंजीकरण कराया था. प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कक्षा में सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ व्यावहारिक स्तर पर भी आधुनिक तकनीकी कौशल से परिचित कराया गया. इसका उद्देश्य छात्राओं को पढ़ाई के साथ रोजगार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना था.
नोडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ संचालन
इंटर्नशिप की नोडल पदाधिकारी प्रो. सोनी शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का संचालन किया गया. समन्वयक प्रो. सलोनी मिश्रा, डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित फैकल्टी सदस्यों और बीटेक के छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहयोग किया.
छात्राओं ने बताया उपयोगी अनुभव
प्रो. सोनी शर्मा ने कहा कि छात्राओं को तकनीकी एवं रोजगारोन्मुखी कौशल का प्रशिक्षण देना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन छात्राओं की लगन और नियमित सहभागिता से कार्यक्रम सफल रहा. प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आधुनिक तकनीकी कौशल सीखने के साथ व्यक्तित्व विकास का भी अवसर मिला.
प्रशिक्षित छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना
समापन कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने सभी प्रशिक्षकों और सहयोगी छात्र-छात्राओं के योगदान की सराहना की. उन्होंने प्रशिक्षित छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल हासिल करने में मदद मिलती है.
