siwan news : हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय व डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे : सीएम

siwan news : शहर के राजेंद्र स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया संबोधित

siwan news : सीवान. गुरुवार को समृद्धि यात्रा पर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शहर के राजेंद्र स्टेडियम में जनसंवाद के दौरान कहा कि उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य के तहत राज्य में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज खोले जायेंगे.

अगले पांच वर्षों में युवाओं को एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराये जायेंगे. सात निश्चय-3 से राज्य में समृद्धि आयेगी. इससे बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में आयेगा. सात निश्चय-तीन में उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत जीवन को आसान बनाने के लिए योजनाएं शामिल की गयी हैं. कहा कि उनकी सरकार ने समाज के सभी तबकों का समग्र विकास किया है. उन्होंने बताया कि जातीय गणना के माध्यम से 94 लाख गरीब परिवारों की पहचान की गयी है, जिनमें सभी जाति और समाज के लोग शामिल हैं. इन परिवारों को उत्थान के लिए प्राथमिकता के आधार पर रोजगार से जोड़ा जायेगा और दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जायेगी.

जनसंवाद के दौरान सीएम का बड़ा माला से एनडीए के सभी दलों के जिला अध्यक्षों ने स्वागत किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू करायी. इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक पुराने मंदिरों की भी घेराबंदी करायी गयी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी. सड़कें कम थीं और जो थीं, उनकी हालत जर्जर थी. अब राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है. स्वास्थ्य सेवाओं में भी व्यापक सुधार हुआ है. पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में महीने में औसतन 39 मरीज इलाज के लिए आते थे. वर्ष 2006 में अस्पतालों में मुफ्त इलाज और दवा की व्यवस्था शुरू की गयी. अब हर महीने औसतन 11 हजार 600 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि पहले राज्य में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर 12 हो गये हैं. इसके अलावा 27 जिलों में नये मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कराया जा रहा है. पटना मेडिकल कॉलेज का विस्तार किया गया है और पुराने मेडिकल कॉलेजों को ढाई हजार बेड का बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विकास के लिए कृषि रोडमैप तैयार किया गया. वर्ष 2015 में सात निश्चय पार्ट-1, 2020 में पार्ट-2 और 2025 में पार्ट-3 शुरू किया गया. वर्ष 2018 में ही राज्य के सभी घरों तक बिजली पहुंचा दी गयी. अब उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही.

जीविका दीदियों से खचाखच भरा रहा पंडाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान राजेंद्र स्टेडियम स्थित जनसंवाद में गुरुवार को जीविका दीदियों की भारी भीड़ उमड़ी. बसों समेत अन्य वाहनों से पहुंची जीविका दीदियों की भीड़ इतनी बढ़ गयी कि सैकड़ों को कुर्सी तक नहीं मिल सकी. पंडाल के अंदर जितनी संख्या में जीविका दीदियां थीं, उससे कहीं अधिक बाहर मुख्यमंत्री को सुनने और देखने के लिए खड़ी थीं. उनके साथ लोगों की भीड़ भी उमड़ी थी. बैरिकेडिंग के चारों ओर भीड़ जमा थी.

2006 से अब तक 5.24 लाख शिक्षकों की हुई बहाली

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2006 से लेकर अब तक 5.24 लाख शिक्षकों की बहाली की है, जो 3.68 लाख नियोजित शिक्षक 2006 में बहाल हुए थे, उन्हें मामूली परीक्षा लेकर सरकारी शिक्षक में तब्दील कर दिया है. चार चरणों की परीक्षा हो चुकी है और 2.66 लाख शिक्षक सरकारी हो चुके हैं, अभी तक 73000 और शिक्षक बचे हुए हैं. हमलोगों ने 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनायी तब से कानून का राज है. वर्ष 2006 में पंचायत चुनाव में हमने महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किया. वे लोग तो सिर्फ भाषण देते थे. उन्होंने कहा कि कहा कि राज्य में ””””””””दोगुना रोजगार-दोगुनी आय”””””””” का लक्ष्य रखा गया है. इसका उद्देश्य राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना करना है. इसके लिए कई कार्यक्रमों एवं योजनाओं को लागू किया गया है.

1528 गांवों में दुग्ध समितियों का गठन किया जायेगा

सीएम ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत पहली योजना में रोजगार के लिए 10-10 हजार रुपये पा चुकीं चार लाख 13 हजार महिलाओं को रोजगार बढ़ाने के लिए दो लाख तक की राशि दी जायेगी. दूसरी योजना में जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना किया जायेगा. तीसरी योजना से जिले में डेयरी को बढ़ावा दिया जायेगा. जिले के 1528 गांवों में दुग्ध समितियों का गठन किया जायेगा. 293 पंचायतों में सुधा दूध की बिक्री के लिए विक्रय केंद्र खोले जायेंगे.

जिलावासियों को सीएम ने दी 202 करोड़ की योजनाओं की सौगात

समृद्धि यात्रा के तहत गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीवान पहुंचे. इस दौरान सीएम ने जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया. साथ ही अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गयी घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया. यात्रा के तहत सबसे पहले सुबह 10:55 बजे मैरवा स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया. यहीं सीएम ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय मैरवा परिसर में जिले की 202 करोड़ रुपये की लागत से कुल 71 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास एवं 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है.

सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं : सीएम

मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास कार्यों की समीक्षा की. अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमलोगों की प्राथमिकता रही है. इसको लेकर राज्य के सभी जिलों में उद्योग स्थापित किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनायी गयी है, ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें. मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली. समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-दो की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी. जिलाधिकारी ने जिले में किये जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी. समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें. समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक अभियान विशेष कार्य बल सह पुलिस महानिदेशक विशेष शाखा कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक निलेश कुमार मौजूद थे.

प्रगति यात्रा की घोषणाओं पर हुआ अमल, धरातल पर उतरीं योजनाएं

सीवान. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान जिले के लिए की गयी घोषणाओं पर सरकार ने तेजी से काम शुरू कर दिया है और कई योजनाएं अब धरातल पर दिखने लगी हैं. समृद्धि यात्रा के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में सड़क, बिजली, सांस्कृतिक ढांचा और यातायात से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं एक साथ आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने बताया कि सीवान-आंदर पथ का चौड़ीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही भंटापोखर-जीरादेई पथ का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जो ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में अहम भूमिका निभायेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के सिसवन ढाला पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य भी चल रहा है. जिससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात सुगम होगा. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के अंतर्गत जिले में प्रेक्षागृह के निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया है, जिससे सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा. इसके अलावा मौनिया बाबा महावीरी झंडा मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की स्वीकृति दी गयी है, जिससे इस परंपरागत मेले को और पहचान मिलेगी तथा सुविधाओं का विस्तार होगा. उन्होंने यह भी बताया कि पचरूखी बाइपास के मोहम्मदपुर मोड़ से छपिया-टेढ़ीघाट-गोपलापुर पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य भी प्रगति पर है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाये, ताकि सीवान के विकास को नयी गति मिल सके और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिले.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

SHAILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >