सीवान के 19 प्रखंडों में चयनित मॉडल स्कूल का उद्घाटन कल, सीएम करेंगे शुभारंभ

बिहार सरकार सात निश्चय-3 के तहत रविवार को सीवान के 19 चयनित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का भव्य उद्घाटन करेगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से राज्यस्तरीय कार्यक्रम से इसका शुभारंभ करेंगे. ये स्कूल आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे.

Siwan News : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में रविवार को जिले के सभी 19 प्रखंडों में चयनित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का भव्य उद्घाटन होगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेगूसराय से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से वर्चुअल रूप से राज्य के 551 मॉडल विद्यालयों का एक साथ उद्घाटन करेंगे. इसी क्रम में सीवान के 19 मॉडल स्कूलों का भी शुभारंभ किया जाएगा.

वीएम इंटर कॉलेज से होगा मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

उद्घाटन समारोह का मुख्य आयोजन वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, सीवान में होगा. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के सभी चयनित मॉडल विद्यालयों में किया जाएगा. प्रत्येक प्रखंड में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधि, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे मॉडल स्कूल

डीपीओ (माध्यमिक) कुमार अभिजित ने बताया कि सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित करना है. इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित शिक्षण, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेलकूद की सुविधाएं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

सरकारी शिक्षा को मिलेगी नई दिशा : डीईओ

जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह पहल सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी. इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर मिलेंगे तथा जिले में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा.

इन विद्यालयों का होगा उद्घाटन

जिले में रामावतार हाई स्कूल भवराजपुर, जीएम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज बड़हरिया, अपग्रेड हाई स्कूल हरायपुर, हाई स्कूल महमदा, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बलहू बालिका, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय दरौंदा, नारायण कर्मयोगी हाई स्कूल गोरेयाकोठी, लोकमान्य तिलक हाई स्कूल गुठनी, पब्लिक हाई स्कूल सहुली, अपग्रेड हाई स्कूल बड़रम, सीनियर सेकेंड्री स्कूल नबीगंज बाजार, महात्मा गांधी उच्च विद्यालय गौर, हरि राम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज मैरवा, गंगा बक्श कनौडिया उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज नौतन, गंडक उच्च विद्यालय तरवारा, किसान मजदूर उच्च विद्यालय टारी, मधुसूदन उच्च विद्यालय छितौली, वीएम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज सीवान तथा राजवंशी देवी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज ठेपहां को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है.

जनप्रतिनिधियों को भेजा गया निमंत्रण

डीपीओ कुमार अभिजित ने बताया कि मुख्य समारोह के लिए सीवान और महाराजगंज के सांसद, सभी विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है. वहीं प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं और अन्य गणमान्य लोगों को भी निमंत्रण भेजा गया है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >