सीवान: मेहंदार बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन की पहली सोमवारी पर मेहंदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ, वहीं प्रशासन को भीड़ नियंत्रण में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

Siwan News: सावन की पहली सोमवारी पर मेहंदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में पहुंचना शुरू हो गया था. सोमवार सुबह होते ही पूरा मंदिर क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा. दिनभर में 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की.

बारिश भी नहीं रोक सकी शिवभक्तों की आस्था

सोमवार सुबह बीच-बीच में हुई बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी. श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए बाबा की नगरी पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया. महिलाओं, पुरुषों, युवाओं के साथ बड़ी संख्या में कांवरियों ने भी बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित किया.

भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. लंबी कतारों में श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के माध्यम से मंदिर में प्रवेश कराया गया. मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर भीड़ को नियंत्रित करते रहे. श्रावणी मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

चैनपुर–रसूलपुर मार्ग पर चार घंटे तक लगा भीषण जाम

सावन की पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण चैनपुर–रसूलपुर मुख्य मार्ग सहित कई सड़कों पर करीब चार घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही. बंगरे गेट, भदौर मोड़, लौवारी मोड़ और रामगढ़ बनशक्ति माई सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम में श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को घंटों फंसे रहना पड़ा. कई लोग पैदल ही मंदिर की ओर जाते दिखे, जबकि छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.

वैकल्पिक मार्ग और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली सोमवारी पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेहंदार पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन को पहले से प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. पुलिसकर्मी लगातार जाम हटाने में जुटे रहे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण यातायात सामान्य होने में करीब चार घंटे से अधिक समय लग गया. दोपहर बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी.

Also Read : गोपालगंज के बाद अब मीरगंज में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 450 रुपये मानदेय पर काम से इनकार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhay Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >