Siwan News: भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ एवं उससे संबद्ध विभिन्न यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार से मैरवा उप डाकघर के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया. आंदोलन के पहले चरण में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया.
काली पट्टी बांधकर किया विरोध
इस दौरान डाक कर्मचारी संघ तथा डाकिया एवं एमटीएस के सचिव दीपू कुमार सिंह, डाक कर्मचारी संघ के सचिव कुमार मृत्युंजय प्रभात समेत सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर आंदोलन का समर्थन किया. ग्रामीण डाक सेवकों ने भी विरोध कार्यक्रम में भाग लेते हुए कर्मचारियों की मांगों के प्रति अपनी एकजुटता जताई.
सेवाएं बाधित नहीं होंगी
कर्मचारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है. विरोध प्रदर्शन के बावजूद डाक सेवाओं को बाधित नहीं किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने कहा कि काली पट्टी बांधकर कार्य करने का उद्देश्य विभाग और सरकार का ध्यान कर्मचारियों की लंबित एवं जायज मांगों की ओर आकर्षित करना है.
आंदोलन का अगला चरण तय
डाकिया एवं एमटीएस के सचिव दीपू कुमार सिंह ने बताया कि 20 से 27 जुलाई तक कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे. इसके बाद 28 जुलाई को दोपहर बाद नारेबाजी और प्रदर्शन किया जाएगा. यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 5 अगस्त को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी. इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी.
कई कर्मचारी रहे मौजूद
विरोध कार्यक्रम में डाकपाल अमरनाथ साह, राजेश्वर तिवारी, सुभाष यादव, विशाल सिंह, सदन कुमार, राकेश बैठा, रमेश प्रसाद, दिलीप राम, संजय यादव, अनिल राय, अरुण कुमार, साधु शरण सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
