Siwan News : बिहार राज्य रग्बी फुटबॉल संघ के तत्वावधान एवं जिला रग्बी फुटबॉल संघ के संरक्षण में आरएलबीएसए फाउंडेशन की ओर से आयोजित 30 दिवसीय महिला रग्बी फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को उद्घाटन किया गया. शिविर का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी में किया जा रहा है. प्रशिक्षण शिविर में अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग की करीब तीन दर्जन महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं.
पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर हुआ शुभारंभ
जिला रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव संतोष कुमार सिंह ने खेल मैदान की पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर के उद्देश्य और खेल के प्रति अनुशासन की जानकारी दी गयी. संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रूप से प्रशिक्षण लेने की अपील की.
खगड़िया के वरिष्ठ खिलाड़ी होंगे प्रशिक्षक
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक संजय पाठक ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी खगड़िया जिले के वरिष्ठ रग्बी खिलाड़ी विनोद कुमार को दी गयी है. उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को रग्बी फुटबॉल की बुनियादी तकनीक से लेकर खेल की आधुनिक तकनीकों तक का प्रशिक्षण दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा. इसके अलावा खेल के विभिन्न पहलुओं, मैदान पर रणनीति और बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी कौशल का अभ्यास कराया जायेगा.
पूरी तरह नि:शुल्क है प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर को पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है. इसका उद्देश्य आर्थिक कारणों से किसी प्रतिभावान खिलाड़ी को खेल प्रशिक्षण से वंचित होने से बचाना और क्षेत्र की अधिक से अधिक बेटियों को रग्बी फुटबॉल से जोड़ना है. शिविर में शामिल खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के माध्यम से जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जायेगा.
मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की अपील
उद्घाटन के अवसर पर जिला रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव संतोष कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें. नियमित अभ्यास के जरिए खिलाड़ी अपने खेल में सुधार करें और जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करें.
उन्होंने खिलाड़ियों को संघ की ओर से उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया. उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा.
कई खिलाड़ी और पदाधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में सीनियर खिलाड़ी निक्की कुमारी, संचालन प्रबंधक सलमा खातून, निशा कुमारी, बसंत कुमार पाठक, रंजीत लकड़ा, मधुमिता पाईक सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे. इस दौरान खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित किया गया.
